परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, विद्यालय, ग्राम पंचायत और ब्लाक संसाधन केंद्रों को अब सम्मानित किया जाएगा।
श्रीनिवास त्रिपाठी, बाराबंकी: परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, विद्यालय, ग्राम पंचायत और ब्लाक संसाधन केंद्रों को अब सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने ‘सीखो सिखाओ फाउंडेशन’ की ओर से दिए जाने वाले ‘सीखो सिखाओ अवार्ड-2026’ के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा की ओर से सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा गया है कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें शिक्षक, विद्यालय, ग्राम पंचायत और ब्लाक संसाधन केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
पांच श्रेणियों में होगा चयन
‘सीखो सिखाओ अवार्ड-2026’ के तहत शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, बीआरसी पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विजेताओं और उपविजेताओं का चयन किया जाएगा। पुरस्कार के साथ नकद राशि भी प्रदान की जाएगी। बालिका शिक्षा पुरस्कार में विजेता को तीन लाख रुपये, शिक्षक पुरस्कार में प्रत्येक विजेता को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। अन्य श्रेणियों में भी विजेता और उपविजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
शासन ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ब्लाक संसाधन केंद्रों को पुरस्कार के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।