सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
MP TET Application Date : सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल/स्कूल शिक्षा विभाग ने टीईटी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब पात्र शिक्षक 18 सितंबर 2026 तक इस परीक्षा के लिए अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। वहीं, जमा किए गए आवेदनों में संशोधन करने के लिए 20 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
क्यों लिया प्रशासन ने फैसला?
मिली जानकारी के अनुसार, इस पात्रता परीक्षा के दायरे में प्रदेश के लगभग 1.5 लाख शिक्षक शामिल हैं। हालांकि, पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 3 सितंबर की रात 12 बजे तक केवल 12 हजार के आसपास ही फॉर्म प्राप्त हो सके थे। इतने बड़े दायरे के मुकाबले उम्मीद से बेहद कम आवेदन आने की वजह से विभाग ने समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया ताकि कोई भी पात्र शिक्षक इस परीक्षा से वंचित न रहे।
ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प
विभाग ने टीईटी परीक्षा के आयोजन को लेकर एक और जानकारी साझा की है। परीक्षा को सीबीटी के माध्यम से आयोजित करने के साथ-साथ ऑफलाइन कराने का विकल्प भी खुला रखा गया है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों के शिक्षकों को कोई असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों, तिथियों और पैटर्न से संबंधित निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।
हजारों शिक्षकों को मिली बड़ी राहत
आवेदन की समय-सीमा बढ़ने से उन हजारों कार्यरत और पात्र शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है, जो तकनीकी समस्याओं, जानकारी के अभाव या किसी अन्य कारण से अब तक अपना आवेदन नहीं भर सके थे।