उच्च शिक्षा विभाग ने 10 अगस्त से 14 अगस्त तक अतिरिक्त CLC राउंड शुरू किया है। और खास बात ये है कि इसमें आपको एडमिशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
MP College Admission: उच्च शिक्षा विभाग ने 10 अगस्त से 14 अगस्त तक अतिरिक्त CLC राउंड शुरू किया है। और खास बात ये है कि इसमें आपको एडमिशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लेकिन सवाल ये है कि आखिर इसकी जरूरत क्यों पड़ी और इस राउंड में एडमिशन कैसे मिलेगा? दरअसल, इस साल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। अब तक प्रदेश में 5 लाख 24 हजार से ज्यादा छात्रों का एडमिशन भी हो चुका है। लेकिन इसके बावजूद कई कॉलेजों और कई कोर्स में कुछ सीटें अभी भी खाली रह गई हैं।
पहले आओ, पहले पाओ
वहीं दूसरी तरफ ऐसे भी छात्र हैं, जो किसी वजह से अभी तक एडमिशन नहीं ले पाए। तो विभाग ने सोचा कि जब सीटें खाली हैं और छात्र एडमिशन लेना चाहते हैं, तो इन सीटों को खाली रखने के बजाय बच्चों को एक आखिरी मौका और दिया जाए। इसीलिए 10 से 14 अगस्त तक बची हुई सीटों के लिए CLC राउंड रखा गया है। अब यहां सबसे जरूरी बात समझिए। इस राउंड में एडमिशन खाली सीटों पर ही मिलेगा और नियम रहेगा— पहले आओ, पहले पाओ।
ऐसे मिलेगा एडमिशन
मतलब जिस कॉलेज में आप एडमिशन लेना चाहते हैं, वहां सीट खाली है तो अपने एडमिशन पोर्टल पर सीट की स्थिति चेक कीजिए और सीट उपलब्ध होने पर सीधे संबंधित कॉलेज पहुंचिए। वहां आपके डॉक्यूमेंट चेक होंगे, जरूरी वेरिफिकेशन होगा और सब कुछ सही रहने पर फीस जमा करके एडमिशन लिया जा सकेगा। अगर आप इस राउंड में नया रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं, तो आपको सिर्फ एक कॉलेज चुनने का विकल्प मिलेगा। यानि कई कॉलेजों में एक साथ रजिस्ट्रेशन करने का मौका नहीं होगा। कॉलेज के हेल्प सेंटर पर वेरिफिकेशन के बाद अगर सीट उपलब्ध है, तो उसी दिन फीस जमा करके एडमिशन लिया जा सकेगा।
14 अगस्त अंतिम मौका
ये CLC राउंड 10 अगस्त से शुरू होकर 14 अगस्त तक चलेगा। लेकिन 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद कोई एडमिशन मान्य नहीं होगा। यानि पोर्टल बंद कर दिया जायेगा। इसलिए अगर आप अभी तक एडमिशन नहीं ले पाए हैं, तो आखिरी तारीख का इंतजार नहीं करे। क्योंकि इस बार मामला बिल्कुल सीधा है, सीट खाली है तो मौका है, लेकिन पहले पहुंचे तो ही एडमिशन का चांस ज्यादा है। तो अपना पोर्टल चेक कीजिए, जिस कॉलेज में जाना है वहां सीट देखिए और सीट उपलब्ध है तो समय रहते कॉलेज पहुंचकर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी कर लीजिए। क्योंकि विभाग की तरफ से इसे अतिरिक्त और अंतिम मौका बताया गया है।