मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की मांधाता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगाजी की बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
Kaveri Deepika Dimar: भोपाल में चमकीं सिंगाजी की बेटियां, जीते 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज |
आनंद दराडे, खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की मांधाता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगाजी की बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भोपाल में आयोजित 'अस्मिता नेशनल कयाकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता' में सिंगाजी गांव की दो बहनों, कावेरी डिमर और दीपिका डिमर ने कुल 6 पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
भारतीय नौसेना में अफसर के पद पर कार्यरत कावेरी डिमर ने सीनियर वर्ग में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि उनकी छोटी बहन दीपिका डिमर ने जूनियर वर्ग में दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। कावेरी डिमर ने सीनियर वर्ग में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए वाटर स्पोर्ट्स में अपनी धाक जमाई। उन्होंने प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक झटके है।
जूनियर श्रेणी में दीपिका ने जीते 3 पदक
वही बड़ी बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए छोटी बहन दीपिका डिमर ने भी जूनियर वर्ग की स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन पदक जीते।
सिंगाजी में खुशी की लहर
एक ही परिवार की दो बेटियों की इस सफलता से ग्राम सिंगाजी, पुनासा और पूरे मांधाता क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने दोनों बहनों और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना क्षेत्र के अन्य युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महान प्रेरणा है।