पूरे वक्तावर मजरे फुंदनपुर में मंगलवार रात कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के समय बच्ची अपने दादा के साथ चारपाई पर सो रही थी।
Amethi Shukul Bazar: कच्ची दीवार के मलबे में दबकर सात वर्षीय बच्ची की मौत, मचा कोहराम |
अंकित पाण्डेय, अमेठी शुकुल बाजार: पूरे वक्तावर मजरे फुंदनपुर में मंगलवार रात कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के समय बच्ची अपने दादा के साथ चारपाई पर सो रही थी। अचानक दीवार गिरने से वह मलबे में दब गई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
गांव निवासी जियालाल की सात वर्षीय पुत्री कोमल रात में अपने दादा सरजू प्रसाद के साथ सो रही थी। इसी दौरान मिट्टी की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
राजस्व टीम ने भी किया निरीक्षण
तहसीलदार राहुल सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।