मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में शिक्षा विभाग ने सावन माह के दौरान स्कूलों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।
MP School News: MP के इस जिले में रविवार को लगेगा स्कूल, सोमवार को रहेगी छुट्टी, आदेश जारी |
MP School News: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में शिक्षा विभाग ने सावन माह के दौरान स्कूलों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, पूरे उज्जैन जिले में अगले एक महीने तक रविवार को स्कूल खुले रहेंगे, जबकि प्रत्येक सोमवार को विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
क्यों लिया गया ये फैसला?
दरअसल, महाकालेश्वर मंदिर में सावन माह के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते पूरे शहर में भीड़ और यातायात का दबाव बना रहता है। खासकर सावन माह के हर सोमवार को शाम 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी निकलती है। जिसके चलते दोपहर करीब 1 बजे से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी जाती है और रूट डायवर्जन लागू रहता है। ऐसे में स्कूली विद्यार्थियों, बसों और अभिभावकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
छात्रों को मिलेगी राहत
छात्रों की सुरक्षा, सुविधा और सुरक्षित यातायात को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। बता दें कि बीते साल भी सावन के दौरान यही व्यवस्था लागू की गई थी, जिससे छात्रों को काफी सहूलियत हुई थी। सावन सोमवार की छुट्टी की भरपाई रविवार को स्कूल संचालित करके की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान न हो।