सतना के प्राथमिक शाला नोनगरा में बिना शर्ट कक्षा में मौजूद शिक्षक का वीडियो वायरल हुआ है। मामले के बाद जांच और विभागीय कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
सतना। जिले के नागौद विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला नोनगरा से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसने सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शिक्षक आचरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शिक्षक बिना शर्ट के कक्षा में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या विद्यालय में शिक्षकों के लिए निर्धारित परिधान और आचरण संबंधी नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक का नाम छंगेलाल कोल है। वीडियो में वह बिना शर्ट के कक्षा के भीतर दिखाई दे रहे हैं। विद्यालय जैसे शैक्षणिक परिसर में इस तरह की स्थिति को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए आदर्श होते हैं और उनसे मर्यादित एवं अनुशासित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
विद्यालय में शिक्षक के आचरण पर उठे सवाल
मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि यदि विद्यालय आने के लिए निर्धारित परिधान और सेवा आचरण के नियम लागू हैं। ऐसे में देखना होगा कि क्या इस मामले में संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। फिलहाल विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्कूल में बच्चों की उपस्थिति भी बनी चर्चा का विषय
विद्यालय की उपस्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला नोनगरा में कुल 73 विद्यार्थी दर्ज हैं, लेकिन घटना के दिन केवल 7 छात्र ही उपस्थित मिले। इससे विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को लेकर भी प्रश्न उठ रहे हैं।
दृष्टिबाधित हैं शिक्षक
बताया गया है कि संबंधित शिक्षक दृष्टिबाधित हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और शिक्षक बिना शर्ट के कक्षा में क्यों थे। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब निगाहें शिक्षा विभाग पर हैं कि वह वायरल वीडियो की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक निर्णय लेता है या नहीं।