विकासखंड क्षेत्र संग्रामपुर की ग्राम सभा मिश्रौली बड़गांव के गरीबी का पुरवा में भारी बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Sangrampur Rain: जलभराव से बेहाल गरीबी का पुरवा गलियों में भरा पानी, आवागमन प्रभावित |
रिपोर्टर विवेक सिंह, संग्रामपुर: विकासखंड क्षेत्र संग्रामपुर की ग्राम सभा मिश्रौली बड़गांव के गरीबी का पुरवा में भारी बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की कई गलियों और संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं लंबे समय से पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
नालियां न होने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीण विजय कुमार सिंह ने बताया कि गांव में पक्की नालियों का अभाव है। सफाई नहीं होने से नालियों में कचरा जमा है, जिसके कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है। इससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
संपर्क मार्ग पूरी तरह पानी में डूबा
ग्रामीण जगन्नाथ वर्मा ने बताया कि गरीबी का पुरवा से बढ़ईपुर होते हुए नहर की पटरी से मधुपुर खदरी संपर्क मार्ग तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थायी जल निकासी की मांग
ग्रामीण राजेश वर्मा ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। तुलसीराम वर्मा, मिठाई लाल वर्मा, रामदेव वर्मा, पप्पू वर्मा, कालिका वर्मा और हरकेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान में जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बारिश के दौरान हर साल जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को जूझना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।