सोमवार दोपहर सागर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से जारी उमस के बाद दोपहर में आसमान में काले बादल घिर आए और देखते ही देखते झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे...
Sagar Rain: सागर में राहत की बौछार: सूखे के बाद झमाझम बारिश, खिले किसानों के चेहरे |
संजय पांडे, सागर: सोमवार दोपहर सागर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से जारी उमस के बाद दोपहर में आसमान में काले बादल घिर आए और देखते ही देखते झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों और किसानों ने इस बारिश से बड़ी राहत की सांस ली है।
10 दिन सूखा के बाद राहत
बता दें कि पिछले 10 दिनों से सागर जिले में बारिश का बूंद-बांदी तक का नामोनिशान नहीं था। L धूप और बारिश के अभाव में खेतों की नमी तेजी से गायब हो रही थी। पानी न गिरने की वजह से बोई गई फसलों को तत्काल सिंचाई की जरूरत महसूस होने लगी थी और फसलें सूखने की कगार पर पहुँच रही थीं। सिंचाई के साधनों के अभाव में किसानों के माथे पर फसलों को लेकर चिंता की लकीरें गहरी होने लगी थीं।
मौसम हुआ सुहावना, मिली गर्मी से राहत
सोमवार को हुई इस मूसलाधार बारिश ने फसलों के लिए किसी 'संजीवनी' की तरह काम किया है। इससे न केवल खेतों की नमी वापस लौट आई है, बल्कि फसलों पर मंडरा रहा संकट भी टल गया है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और वातावरण में घुली ठंडक से लोगों को भीषण उमस से राहत मिली है। लोग खुशनुमा हुए मौसम का जमकर आनंद ले रहे हैं। मौसम जानकारों का कहना है कि यह बारिश इस समय फसलों के लिए बेहद जरूरी थी। इससे खेतों में नमी बरकरार रहेगी, जिससे फसलों की पैदावार में बड़ा फायदा मिलेगा।