Breaking News
  • BRICS सम्मेलन: 20 देशों के कृषि मंत्री और विशेषज्ञ इंदौर में जुटे
  • पटाखा दुकान में लगी आग, लगातार होते रहे धमाके, भोपाल के बैरागढ़ रोड पर हादसा, 70 फीट तक ऊपर उठी लपटें
  • दिल्ली में आधी रात 70kmph की रफ्तार से आंधी चली: MP-राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
  • भारत में 2024 में सड़क हादसों से 1.77 लाख लोगों की मौत, हर घंटे 20 लोगों ने गंवाई जान
  • प्रख्यात शूटर जसपाल राणा का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

Nishatpura Railway Station Approved In Bhopal

सबसे अधिक यात्री सुविधाओं वाला स्टेशन बनेगा निशातपुरा

रेल मंत्रालय ने निशातपुरा रेलवे स्टेशन को अधिकारिक मंजूरी दी, जिससे भोपाल में यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी और ट्रेन ट्रैफिक का दबाव कम होगा।


सबसे अधिक यात्री सुविधाओं वाला स्टेशन बनेगा निशातपुरा

रेल मंत्रालय ने दी निशातपुरा रेलवे स्टेशन कमीशनिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी

राजधानीवासियों को रानी कमलापति, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, मिसरोद के अलावा निशातपुरा के रूप में जल्द ही पांचवां रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है। रेल मंत्रालय ने निशातपुरा रेलवे स्टेशन कमीशनिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। बुनियादी सुविधाएं पूरी होने के साथ ही निशातपुरा रेलवे स्टेशन को ट्रेनों के हॉल्ट और यात्रियों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही 8 ट्रेनों के स्टॉपेज यहां शुरू हो जाएंगे।

भोपाल रेल मंडल को निशातपुरा में यात्री सुविधाओं में इजाफा करने के लिए नए प्रोजेक्ट रेल मंत्रालय ने दिए हैं। बता दें कि यात्री सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए भोपाल रेल मंडल ने माल परिवहन, टिकट चेकिंग अभियान और स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर आमदनी में 14 प्रतिशत तक की वृद्धि की है।

निशातपुरा स्टेशन का निर्माण छोला स्थित हनुमान मंदिर के बगल में किया गया है। रेलवे ने यहां दो प्लेटफॉर्म समेत यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं। बाकी काम भी जल्द ही पूर्ण हो जाएगा। नए अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस इस स्टेशन के बनने से भोपाल के निवासियों को इंदौर, उज्जैन और रतलाम की ओर रेल यात्रा करने में आसानी होगी।

इन ट्रेनों को निशातपुरा स्टेशन पर मिलेगा ठहराव

ट्रेन 12919/12920 डॉ. आंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस।

ट्रेन 19421/19422 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद (रविवार/मंगलवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।

ट्रेन 19321/19322 इंदौर-पटना-इंदौर (शनिवार/सोमवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।

ट्रेन 14319/14320 इंदौर-बरेली-इंदौर (गुरुवार/बुधवार) साप्ताहिक एक्सप्रेस।

ट्रेन 19313/19314 इंदौर-पटना-इंदौर (सोमवार, बुधवार/बुधवार, शुक्रवार) द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस।

ट्रेन 22911/22912 इंदौर-हावड़ा-इंदौर क्षिप्रा एक्सप्रेस (मंगलवार, गुरुवार, शनिवार/सोमवार, गुरुवार, शनिवार) त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस।

ट्रेन 14115/14116 डॉ. आंबेडकर नगर-प्रयागराज जंक्शन-डॉ. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस (प्रतिदिन)।

ट्रेन 22829/22830 भुज-शालीमार-भुज एक्सप्रेस।

भोपाल स्टेशन पर दबाव, आउटर पर खड़ी करनी पड़ती हैं ट्रेनें

वर्तमान में भोपाल स्टेशन पर ट्रेन ट्रैफिक का दबाव बहुत अधिक है। पूरी रात, शाम और सुबह के समय लगभग 210 जोड़ी ट्रेनों की आवाजाही होती है। प्रत्येक ट्रेन और उसके पीछे आने वाली ट्रेन के बीच का समय अंतराल मुश्किल से 10 मिनट होता है। इस वजह से प्लेटफॉर्म पर ट्रैक खाली नहीं हो पाता। इससे पीछे आ रही ट्रेनों को मजबूरीवश आउटर पर खड़ा करना पड़ता है। ठीक यही स्थिति संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर भी होती है।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन बन जाने से ट्रैफिक का दबाव भोपाल और संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर कम हो जाएगा।

भोपाल मंडल का निशातपुरा स्टेशन पांचवां स्टेशन होगा, जहां भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन जैसी सुविधाएं निकट भविष्य में उपलब्ध होंगी। इससे भोपाल स्टेशन पर जहां ट्रैफिक का दबाव कम होगा, वहीं राजधानी के यात्रियों को भी एक और सर्वसुविधायुक्त स्टेशन मिल जाएगा। यहां कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज की मंजूरी मिल गई है।

- सौरभ कटारिया, सीनियर डीसीएम, पमरे भोपाल

 

Related to this topic: