मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर से उज्जैन तक बस यात्रा कर सादगी और मितव्ययिता का उदाहरण प्रस्तुत किया, जल गंगा संवर्धन अभियान का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सादगी, मितव्ययिता और सुशासन के मंत्र को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में एक नई कार्य संस्कृति स्थापित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रशासनिक खर्चों में संयम और संसाधनों के संतुलित उपयोग को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री का प्रेरणादायी उदाहरण
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित रखते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक ही बस में सवार होकर इंदौर से उज्जैन तक की यात्रा की। इस दौरान सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए केवल तीन अन्य वाहन ही साथ रहे।
इंदौर में किया जल गंगा संवर्धन अभियान का निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्राचीन अहिल्या कुंड के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान वे इंदौर एयरपोर्ट से बस में बैठकर जनप्रतिनिधियों के साथ रवाना हुए और जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे।निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, गौरव रणदिवे, श्रवण सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी साथ रहे।