मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में खेल अधिकारी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया का परिणाम घोषित कर दिया है।
Sports Officer Exam Result: स्पोर्ट्स ऑफिसर भर्ती रिजल्ट जारी, 117 उम्मीदवार हुए सफल |
Sports Officer Exam Result: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में खेल अधिकारी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने वर्तमान में अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण का मामला न्यायालय में विचारधीन होने के कारण 87-13 प्रतिशत के फॉर्मूले के तहत मुख्य भाग की चयन सूची जारी की है। बाकी 13 फीसदी पदों का परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम फैसले के बाद घोषित किया जाएगा।
158 में से 117 को मिली सफलता
MPPSC द्वारा जारी मुख्य भाग (87%) की सूची में 158 पदों को शामिल किया गया था। हालांकि, न्यूनतम योग्यता और कट-ऑफ अंक प्राप्त न कर पाने के कारण 158 पदों के सापेक्ष केवल 117 उम्मीदवार ही योग्य पाए गए हैं। इसके चलते खेल अधिकारी के 41 पद फिलहाल रिक्त रह गए हैं।
पदों का वर्गवार ब्रेकअप
अनारक्षित (UR): 53 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 62 पद
अनुसूचित जाति (SC): 26 पद
अनुसूचित जनजाति (ST): 23 पद
ईडब्ल्यूएस (EWS): 23 पद
13% पदों का परिणाम कोर्ट के फैसले पर निर्भर
प्रदेश में 27% बनाम 14% ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षाओं का परिणाम दो भागों (87% मुख्य भाग और 13% प्राविधिक/प्रोविशनल भाग) में जारी कर रहा है। होल्ड रखे गए 13% पदों पर चयन की स्थिति न्यायालय का फैसला आने के उपरांत ही स्पष्ट होगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना वर्गवार परिणाम और स्कोरकार्ड देख सकते हैं।



