मध्य प्रदेश सरकार ने 12वीं पास मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25 हजार देने की घोषणा की है। 1 सितंबर को यह राशि छात्रों के खाते में जमा की जाएगी।
मध्य प्रदेश में 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी अपडेट है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) की 12वीं परीक्षा में 75% या उससे ज्यादा अंक हासिल करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि 1 सितंबर को सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार करीब 80,180 विद्यार्थी प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत इस सहायता के लिए पात्र बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में हुई समीक्षा बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों को समय पर राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पहले 85% अंक था पात्रता का आधार
लैपटॉप सहायता योजना की शुरुआत वर्ष 2009-10 में की गई थी। शुरुआती दौर में योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को 12वीं में 85% तक का उच्च अंक मानदंड पूरा करना होता था।बाद में सरकार ने पात्रता सीमा में बदलाव करते हुए इसे 75% कर दिया। इससे ज्यादा विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलने का रास्ता खुला।
लैपटॉप नहीं, सीधे बैंक खाते में मिलते हैं ₹25 हजार
इस योजना के तहत सरकार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता देती है। यानी विद्यार्थियों को सरकार की ओर से तैयार लैपटॉप नहीं दिया जाता।पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि सीधे ट्रांसफर की जाती है, जिससे वे अपनी जरूरत के अनुसार लैपटॉप खरीद सकते हैं।
80,180 विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा

विभाग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार इस बार करीब 80,180 विद्यार्थी योजना के लिए पात्र हैं। इन सभी के खातों में 1 सितंबर को सहायता राशि भेजे जाने की तैयारी है।योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्होंने 12वीं की परीक्षा पहले प्रयास में 75% या उससे अधिक अंकों के साथ पास की है।
मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी देने की भी तैयारी
समीक्षा बैठक में विद्यार्थियों से जुड़ी दूसरी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण करने की योजना पर भी विभाग स्तर पर काम चल रहा है।इसके लिए जल्द ही वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। फिलहाल विभाग की प्राथमिकता पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता की राशि समय पर उपलब्ध कराना है।