उज्जैन के महाकाल मंदिर में टीवी और फिल्म सितारों ने भस्म आरती में हिस्सा लिया। उल्का गुप्ता, किंजल दवे और मोनल गज्जर समेत कई हस्तियों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और आध्यात्मिक अनुभव साझा किया।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के कई फिल्म और टीवी हस्तियों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।
भस्म आरती में शामिल हुए सितारे
टीवी और फिल्म अभिनेत्री उल्का गुप्ता, गुजराती सिंगर किंजल दवे, साउथ फिल्म एक्ट्रेस मोनल गज्जर और पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी बुधवार सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे.सभी श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक पवित्र भस्म आरती में भाग लिया। इस दौरान वे लगातार भगवान महाकाल के मंत्रों का जाप करते नजर आए।
नंदी हॉल में की पूजा-अर्चना
भस्म आरती के दौरान सभी श्रद्धालुओं ने नंदी जी का पूजन किया और कान में अपनी-अपनी मनोकामनाएं भी कही।
मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई देती रही.आरती के बाद सभी ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
बोली-अनुभव शब्दों से परे है
अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दर्शन उनके लिए अत्यंत भावुक और आध्यात्मिक क्षण था. उन्होंने बताया कि भस्म आरती के दौरान वातावरण इतना दिव्य था कि दो घंटे कब बीत गए, पता ही नहीं चला.उन्होंने कहा कि शिवलिंग का श्रृंगार, जलाभिषेक और मंत्रों की ध्वनि ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उनके अनुसार यह अनुभव हर श्रद्धालु को जीवन में एक बार जरूर करना चाहिए।
महाकाल मंदिर में बढ़ रहा सेलिब्रिटी आकर्षण
हाल के समय में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में फिल्म, टीवी और खेल जगत की हस्तियों की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है. भस्म आरती में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।