झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान और उसके साथी सोनू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है।
Atiq Ahmad Son Aban: झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान और उसके साथी सोनू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम से साफ हुआ है कि कार की डिवाइडर से टक्कर के बाद आंतरिक चोटों और ब्रेन हेमरेज के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अबान का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
अतीक के बगल में खोदी गई कब्र
अबान के शव को शुक्रवार की नमाज के बाद प्रयागराज के ऐतिहासिक कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है। इसी कब्रिस्तान में उसके चाचा अशरफ और भाई असद को भी दफनाया गया था। जनाजे और दफन के दौरान प्रयागराज पुलिस व स्थानीय प्रशासन अलर्ट रहा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई मौत की वजह
डॉक्टरों द्वारा तैयार की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, अनियंत्रित क्रेटा कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अबान और सोनू को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दोनों के सिर में चोट लगने से ब्रेन हेमरेज हुआ और पेट की आंतें और हृदय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके चलते इन्टर्नल ब्लीडिंग होने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन युवक भी घायल
हादसे में घायल हुए तीन अन्य युवक जैद खान, उमर खान और फारूक की हालत में सुधार हुआ है। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से प्रयागराज ले आए हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, झांसी पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या हादसा कार की तेज रफ्तार के कारण हुआ या कोई अन्य वजह रही।