मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर 1500 रुपये की किस्त के साथ 250 रुपये का शगुन मिलेगा। 19 अगस्त को 39वीं किस्त जारी होगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन इस बार और खास होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार प्रदेश की सवा करोड़ महिला हितग्राहियों को नियमित मासिक किस्त के साथ रक्षाबंधन का शगुन भी देने जा रही है। मतलब 19 अगस्त को मैहर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी कर सकते हैं। इसी के साथ महिलाओं के खातों में 250 रुपये की अतिरिक्त शगुन राशि भी भेजी जाएगी।
यदि किस्त की राशि जमा होती है तो इस महीने पात्र महिलाओं को कुल 1750 रुपये मिलेंगे। हालांकि अभी तक सरकार की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन सीएम दौरे के लिए की जा रही तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। हर बार 15 तारीख से पहले ही महिलाओं के खातों में किस्त का पैसा आ जाता था। लेकिन इस समय मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रमों और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते देरी हो रही है। इसके चलते इस कार्यक्रम के समय ट्रांसफर की उम्मीद की जा रही है।
रक्षाबंधन पर खातों में आएंगे 1750 रुपये
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की करीब सवा करोड़ महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार अब तक योजना की 38 किस्त जारी कर चुकी है। अब रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए सरकार इस बार 250 रुपये अतिरिक्त राशि भी देगी। इस तरह अगस्त में लाड़ली बहनों के खातों में नियमित 1500 रुपये के अलावा 250 रुपये शगुन के तौर पर पहुंचेंगे। कुल राशि 1750 रुपये होगी।
मोहन यादव सरकार तीसरी बार देगी रक्षाबंधन का शगुन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को शगुन देने का यह तीसरा मौका होगा। इससे पहले 2024 और 2025 में भी महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि दी जा चुकी है। वहीं, लाड़ली बहना योजना शुरू होने के साल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को 250 रुपये का विशेष शगुन दिया था। इस तरह बीजेपी सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को चौथी बार अतिरिक्त राशि दी जा रही है।
कैसे शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना?
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की शुरुआत 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाते थे। अगस्त 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के खातों में 250 रुपये की विशेष शगुन राशि भेजी थी। इसी दौरान मासिक आर्थिक सहायता को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1250 रुपये करने का ऐलान किया गया था। इसके बाद योजना के तहत मिलने वाली राशि में आगे भी बढ़ोतरी की गई और अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं।