मेडिकल कॉलेज के एक जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक को सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोमन वांगचुक के समर्थन में पैदल मार्च निकालने के मामले में निलंबित कर दिया गया है।
अनुराग गुप्ता, बहराइच: मेडिकल कॉलेज के एक जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक को सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोमन वांगचुक के समर्थन में पैदल मार्च निकालने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन भी किया है। जांच रिपोर्ट आने तक डॉक्टर निलंबित रहेंगे।
जूनियर डॉक्टर ने निकाला था मार्च
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिला निवासी जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. रूपक इखे ने हाल ही में शहर में अकेले पैदल मार्च निकाला था। इस दौरान उन्होंने सोमन वांगचुक के समर्थन में संदेश लिखी टी-शर्ट पहन रखी थी तथा हाथ में तख्ती लेकर अपनी बात रखी। उनका मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिलाधिकारी आवास तक पहुंचा।
वायरल हुआ था वीडियो
मार्च का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। प्राचार्य डॉ. संजय खत्री के निर्देश पर प्रारंभिक जांच के बाद डॉ. इखे को निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो नियमानुसार अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
मामले की होगी जांच
उधर, डॉ. इखे ने वीडियो में कहा कि वह सोमन वांगचुक के अभियान का समर्थन करते हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे। फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।