इंदौर में रंगपंचमी की ऐतिहासिक गेर के बाद नगर निगम ने सिर्फ 34 मिनट में पूरा राजवाड़ा और गेर मार्ग साफ कर दिया। हजारों टन गुलाल और लाखों लोगों की भीड़ के बावजूद शहर ने फिर स्वच्छता की मिसाल पेश की।
इंदौर। देश में स्वच्छता के लिए अपनी अलग पहचान बना चुका इंदौर एक बार फिर चर्चा में है। रंगपंचमी के मौके पर शहर में निकली ऐतिहासिक और पारंपरिक गेर में लाखों लोग शामिल हुए। सड़कों पर रंग, गुलाल और पानी की बौछारों के बीच पूरा शहर उत्सव में डूबा नजर आया।
राजवाड़ा क्षेत्र से लेकर पूरे गेर मार्ग तक हर तरफ रंगों की बारिश हो रही थी, ढोल-नगाड़ों की आवाज और उत्साहित भीड़, माहौल पूरी तरह उत्सवमय था। लेकिन असली मिसाल तब देखने को मिली जब गेर खत्म होते ही नगर निगम की टीम सफाई में जुट गई और महज 34 मिनट में पूरा इलाका फिर से साफ कर दिया गया।
रंगों की बारिश, हजारों टन गुलाल
इंदौर में रंगपंचमी की गेर का वर्षों पुराना इतिहास है। हर साल की तरह इस बार भी हजारों वाहन और टैंकर गेर में शामिल हुए, जिनसे लगातार रंग और पानी की बौछारें होती रहीं। पूरे मार्ग पर लोगों ने जमकर रंग खेला। राजवाड़ा क्षेत्र तो पूरी तरह गुलाल से लाल और गुलाबी हो गया था। अनुमान है कि इस दौरान हजारों टन गुलाल और रंगों का इस्तेमाल हुआ, जबकि लाखों लोग इस उत्सव का हिस्सा बने।
गेर खत्म होते ही शुरू हुई सफाई
जैसे ही गेर का समापन हुआ, नगर निगम के सफाई मित्र और मशीनों की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। राजवाड़ा और आसपास के गेर मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। करीब 400 से ज्यादा सफाई मित्रों की टीम अलग-अलग स्थानों पर तैनात थी। उन्होंने मशीनों और वाहनों की मदद से तेजी से काम किया। कुछ ही देर में सड़कों से रंग, पानी और कचरा साफ कर दिया गया, और पूरा इलाका फिर सामान्य दिखने लगा।
मेयर और आयुक्त ने की निगरानी
इस दौरान शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की और टीम को आवश्यक निर्देश देते रहे। अधिकारियों के अनुसार, इस बार गेर के बाद सफाई के लिए पहले से ही विस्तृत योजना तैयार की गई थी ताकि काम तेजी से हो सके।
सफाई के लिए लगाया गया बड़ा अमला
नगर निगम ने इस बार सफाई के लिए बड़े स्तर पर संसाधन तैनात किए थे। गेर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में कई मशीनें और वाहन पहले से तैयार रखे गए थे।
सफाई अभियान में शामिल रहे ये सफाई कर्मचारी
10 स्वीपिंग मशीन
7 डंपर
6 जेसीबी मशीन
3 लॉन्ग हॉलिंग वाहन
3 ट्रैक्टर
30 ओपन वाहन
20 जेट प्रेशर मशीन सफाई स्थल पर मौजूद रहीं। इनकी मदद से गेर खत्म होते ही सड़कों की सफाई तेजी से शुरू कर दी गई।
कचरा प्रबंधन की भी रही अलग व्यवस्था
नगर निगम ने इस बार कचरा प्रबंधन को लेकर भी खास व्यवस्था की थी। गेर मार्ग पर कई स्थानों पर विशेष कचरा संग्रहण प्वाइंट बनाए गए थे, जहां रंग और अन्य कचरे को एकत्र किया गया। इसके बाद वाहनों की मदद से तुरंत कचरा उठाकर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया गया, जिससे सफाई अभियान में समय कम लगा।
फिर साबित हुआ आखिर इंदौर क्यों है नंबर वन
रंगपंचमी के दौरान राजवाड़ा क्षेत्र में लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ा था। रंग, गुलाल और पानी के बीच लोगों ने पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया। लेकिन उत्सव खत्म होने के बाद जिस तेजी से सफाई का काम हुआ, उसने एक बार फिर यह दिखा दिया कि इंदौर सिर्फ कहने भर का नहीं, बल्कि काम से भी स्वच्छता में नंबर वन शहर है।