सावन मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने उज्जैन-भोपाल और संत हिरदाराम नगर के बीच 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। ये 8 सितंबर तक रोजाना चलेंगी।
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे ने सावन माह पर उज्जैन में आयोजित मेले के लिए यात्रियों की मांग पर विशेष ट्रेन सेवा शुरू की है। उज्जैन-भोपाल और संत हिरदाराम नगर के मध्य अगले आठ सितंबर तक कुल तीन जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन चलानी शुरू कर दी है। ये ट्रेनें आठ सितंबर तक रोजाना चलेगी। रास्ते में ये ट्रेनें यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल एवं सीहोर स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे इन स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा।
उज्जैन से संत हिरदाराम नगर के लिए दो स्पेशल ट्रेनें
पमरे के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि पहली ट्रेन उज्जैन-संत हिरदाराम नगर मेला स्पेशल चलेगी। इसमें गाड़ी 09305 उज्जैन से प्रतिदिन 09.00 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 13.30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में संत हिरदाराम नगर से प्रतिदिन 14.20 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 19.30 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
इसी तरह दूसरी मेला स्पेशल 09313 उज्जैन से प्रतिदिन 16 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 00.10 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में 09314 संत हिरदाराम नगर से 29 जुलाई से 09 सितम्बर तक प्रतिदिन एक बजे चलकर उसी दिन 06.00 बजे उज्जैन पहुंचेगी। अनारक्षित श्रेणी में चलने वाली इन ट्रेनों से महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और नियमित यात्रियों दोनों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
भोपाल के लिए भी रोज मिलेगी सीधी सुविधा
इसके अलावा तीसरी मेला स्पेशल ट्रेन उज्जैन से भोपाल चलेगी। ये ट्रेन 09307 उज्जैन से प्रतिदिन 21.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 02.20 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में 09308 भोपाल से प्रतिदिन 03.10 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 08.00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।