रतलाम रेल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते रतलाम स्टेशन पर रुकने वाली 8 ट्रेनों के ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त किए गए हैं।
रतलाम। एमपी के रतलाम रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रतलाम रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली 8 ट्रेनों के ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त किए गए हैं। यह फैसला उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर होने वाले निर्माण कार्य के कारण लिया गया है।
निर्माण कार्य के चलते प्रभावित ट्रेनों के ठहराव 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग अवधि में निरस्त रहेंगे। यात्रियों को सफर से पहले ट्रेन का अपडेट जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।
ये 8 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
- डॉ. अंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णोदेवी कटरा मालवा सुपरफास्ट ट्रेन नंबर 12919 का रतलाम में ठहराव 14 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही लक्ष्मीबाई नगर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 14309 और 14317 का ठहराव भी 14 अक्टूबर तक निरस्त रहेगा।
- अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19326, हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19020, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-डॉ. आंबेडकर नगर मालवा सुपरफास्ट ट्रेन नंबर 12920, हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट ट्रेन नंबर 22918 और ऊना हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19308 का ठहराव 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त रहेगा।
यात्रियों को क्या करना चाहिए
रेलवे ने कहा है कि ट्रेनों के ठहराव, समय और संचालन से जुड़ी ताजा जानकारी भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट और रेलवन एप पर देखी जा सकती है। यात्रा से पहले यात्री अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए हैं। ट्रेन नंबर 09185 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज 6 सितंबर से 29 नवंबर तक चलेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 09186 कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल 7 सितंबर से 30 नवंबर तक संचालित होगी।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 09189 मुंबई सेंट्रल-कटिहार 5 सितंबर से 14 नवंबर और ट्रेन नंबर 09190 कटिहार-मुंबई सेंट्रल 8 सितंबर से 17 नवंबर तक विस्तारित फेरों के साथ चलेगी।