Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

CM Yogi Barabanki

CM Yogi Barabanki: अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नही पाएगा- CM योगी

अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। ये जो बांटने वाले लोग हैं, सपा और कांग्रेस के नाम पर जितने भी नमूने हैं, याद करना जब आप पर संकट आता है तो इन सबकी बोलती बंद हो जाती है।


cm yogi barabanki अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नही पाएगा- cm योगी

CM Yogi Barabanki: अगर सनातन पर खतरा आएगा तो कोई बच नही पाएगा- CM योगी |

अंकित मिश्रा, बाराबंकी: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बाराबंकी जिले में दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों की 542 करोड़ रुपये से अधिक की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उज्‍ज्वल भविष्‍य सनानत की सुदृढ़ नींव पर निर्भर करेगा। सनातन सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित है। उन्‍होंने आगाह किया, अगर सनातन पर कोई खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। ये जो बांटने वाले लोग हैं, सपा और कांग्रेस के नाम पर जितने भी नमूने हैं, याद करना जब आप पर संकट आता है तो इन सबकी बोलती बंद हो जाती है।

कांग्रेस और सपा से रहे सर्तक: सीएम योगी

योगी ने आरोप लगाया, ‘‘ये लोग भले कुछ भी बोलें, लेकिन इनका वास्तविक चरित्र सनातन विरोधी है, इनके कार्य जनता के हक और विकास की परियोजनाओं पर डाका डालने जैसे हैं।’’ उन्‍होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘याद करना पैसा आपका था, लेकिन वह पैसा कब्रिस्तान की चहारदीवारी पर खर्च होता था तथा महादेवा और अयोध्‍या समेत विरासत एवं आस्था के स्थानों के लिए पैसा नहीं मिलता था। उसको वे सांप्रदायिक कहते थे।’’ उन्‍होंने सीधे सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा विरासत विरोधी और विकास की धुर विरोधी हैं। इनसे सतर्क रहेंगे तो हमेशा सुरक्षित रहेंगे।

सीएम योगी की चेतावनी

योगी आदित्‍यनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा,‘‘कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनाना उनके लिए धर्मनिरपेक्षता का एक मानक बन गया था, लेकिन कांवड़ यात्रा पर रोक, जन्‍माष्‍टमी के आयोजन को प्रतिबंधित करना, राम नवमी की शोभायात्रा को रोकना, दुर्गा पूजा के पंडालों को प्रतिबंधित करना, वे धर्मनिरपेक्षता का मानक मानते थे। ’’मुख्‍यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘हमें ऐसी धर्मनिरपेक्षता को उखाड़ फेंक कर सनातन की सुदृढ़ भूमि पर एक सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा। एक सुरक्षित भारत के लिए कार्य करना होगा।’’ उन्‍होंने दावा किया, ‘‘जो लोग धर्मनिरपेक्षता के नाम पर सनातन को अपमानित करते थे, ये वही लोग थे जो एक ओर आपको पर्व और त्योहार पर अराजकता फैला कर अपमानित करते थे और दूसरी तरफ अपने गुर्गों से अवैध वसूली करवाते थे।’’

निवेश नही किया, लेकिन फैलाई अराजकता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्‍होंने (विपक्षी दलों ने) कोई निवेश तो किया नहीं, क्योंकि अराजकता, कर्फ्यू और दंगे का माहौल बनाया।इसलिए उन्होंने गांव-गांव, शहर-शहर में कट्टा और बम बनाना शुरू कर दिया,जिससे व्यापारियों को लूटा जाता था और बहन-बेटी की इज्जत से खिलवाड़ किया जाता था। उन्‍होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, ‘‘आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है और उसे एक बार दागा जाता है तो पाकिस्तान और उसके आका की नींद उड़ जाती है।’’ उन्‍होंने कहा,‘‘आज ब्रह्मोस मिसाइल भी बन रही है और अब बेटियां भी सुरक्षित हैं तथा व्यापारी भी सुरक्षित हैं, बड़े बड़े निवेश भी आ रहे हैं।’’

जो उपद्रव करेगा, उसकी जगह जेल या जहन्नुम

योगी ने कहा, ‘‘मैंने पहले ही दिन कहा था कि सरकार भेदभाव नहीं करेगी और हर तबके के लिए बिना भेदभाव कार्य करेगी। लेकिन मैंने यह भी कहा था कि कोई उपद्रव करेगा, बेटियों और व्यापारियों की इज्जत से खिलवाड़ करेगा तो उसके लिए दो ही जगह होगी – जेल या जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं होगी।’’उन्‍होंने कहा, ‘‘उप्र के नौजवानों के सामने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने पहचान का संकट खड़ा किया था लेकिन आज ऐसा कोई संकट नहीं है। पहचान का संकट खड़ा करने वाली यही समाजवादी पार्टी है जो जाति को जाति से लड़वा रही थी और बेटी की सुरक्षा के लिए यही सपाई खतरा बने हुए थे। उस समय यह कहावत भी थी कि देख सपाई – बिटिया घबराई।’’

नही बिकेगी केडी सिंह बाबू की हवेली

मुख्‍यमंत्री ने महादेवा में भगवान लोधेश्वर महाराज का दर्शन किया। उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा,‘‘यहां कई जिलों के श्रद्धालु आते हैं लेकिन मंदिर जीर्ण शीर्ष था। 1947 में देश को आजादी मिली थी और आजादी की वह लौ बाराबंकी के लोधेश्वर मंदिर तक पहुंचनी चाहिए थी लेकिन नहीं पहुंच पाई। आजादी के बाद वह लौ कब्रिस्तान की चहारदीवारी के लिए तो प्राप्त हुई लेकिन लोधेश्वर मंदिर के लिए नहीं प्राप्त हुई।’’ उन्‍होंने हॉकी के खिलाड़ी बाबू केडी सिंह का जिक्र करते हुए कहा,‘‘हॉकी और भारत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले बाबू केडी सिंह की हवेली के लिए पैसा उपलब्ध नहीं हो पाया, पारिजात के महावृक्ष के लिए धन उपलब्‍ध नहीं हो सका, लेकिन आज गौरव की अनुभूति हो रही है कि बाराबंकी के पवित्र लोधेश्वर मंदिर के गलियारे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और अब केडी सिंह बाबू की हवेली बिकेगी नहीं क्योंकि सरकार उसका पैसा चुकाएगी। केडी सिंह बाबू जो हर युवा, हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं,उनकी स्‍मृति को सरकार जीवित करने का काम करेगी।’’