छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से एक घटना सामने आई है।
Raipur Viral video: रायपुर में गुंडागर्दी, छात्र की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल |
Raipur Viral video: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से एक घटना सामने आई है। यहां एक स्कूली छात्र को उसी के स्कूल के कुछ छात्रों ने बाहरी बदमाशों को बुलाकर बेरहमी से मारपीट कराई। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर उसकी रील तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
हम डॉन हैं...
वीडियो वायरल होने के साथ ही यह बात सामने आई है कि आरोपी छात्रों ने मारपीट के दौरान पीड़ित को सरेआम धमकाया। आरोपियों ने रौब झाड़ते हुए कहा कि हम डॉन हैं, हमारी मां वकील है और जज से सेटिंग है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। बताया जा रहा है कि आरोपियों की धमकी और खुलेआम हुई मारपीट के चलते पीड़ित छात्र और उसका परिवार सदमे में है।
स्कूल प्रशासन ने साधी चुप्पी
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात स्कूल प्रशासन और प्राचार्य की भूमिका को लेकर सामने आ रही है। परिजनों का आरोप है कि घटना की शिकायत स्कूल के प्राचार्य से की गई थी, लेकिन प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की और आरोपियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। स्कूल प्रबंधन से न्याय नही मिलता देख पीड़ित छात्र ने हताश होकर स्कूल से अपनी TC निकलवा ली।
मामला पुरानी बस्ती का
बताया जा रहा है कि पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर मारपीट की रील वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के माहौल को खराब करने वाले मनचले छात्रों, मारपीट में शामिल बाहरी असामाजिक तत्वों और मामले में लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।