सीतापुर कोतवाली देहात क्षेत्र के टेड़वा चिलौला गांव में शनिवार रात सांप के डसने से साढ़े पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई।
हिमांशु सिंह, सीतापुर: सीतापुर कोतवाली देहात क्षेत्र के टेड़वा चिलौला गांव में शनिवार रात सांप के डसने से साढ़े पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
माता-पिता के साथ सो रही थी मासूम
टेड़वा चिलौला निवासी अजय की साढ़े पांच वर्षीय बेटी वर्षा शनिवार रात माता-पिता के साथ चारपाई पर सो रही थी। स्वजन के अनुसार, गर्मी अधिक होने के कारण वर्षा जमीन पर सोने की जिद करने लगी। इस पर पिता ने घर के अंदर जमीन पर चटाई बिछाकर उसे सुला दिया। कुछ देर बाद मासूम के रोने और चीखने की आवाज सुनकर स्वजन की नींद खुल गई। बच्ची की हालत बिगड़ती देखकर परिजनों ने पूछताछ की तो उसने सांप के काटने की बात बताई। इसके बाद परिवार के लोग बिना देर किए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
उपचार के दौरान हुई मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई। उपचार के दौरान कुछ ही देर बाद वर्षा ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। पिता अजय और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मासूम की अचानक मौत से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।