रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आग लगने की घटना हो गई। इससे मौजूद मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आगर के कारणों की जांच जारी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित डॉ भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी (कैजुअल्टी) वार्ड में अचानक आग लग गई। घटना के बाद से हॉस्पिटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हॉस्पिटल प्रशासन ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। साथ ही राहत कार्य शुरू कर दिया।
दरअसल, राजधानी के सबसे बड़े मेकाहारा के कैजुअल्टी वार्ड में आग लगते ही मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वहीं, आग की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची।
सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए मरीज
आग लगने का पता चलते ही अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी वार्ड को खाली कराया गया। भर्ती मरीजों को बिना देरी किए अस्पताल के दूसरे विभागों में शिफ्ट किया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि की आशंका न रहे। सुरक्षा कर्मियों और मेडिकल स्टाफ ने कोआर्डिनेशन के साथ राहत कार्य संभाला।
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा
मौहदापारा थाना क्षेत्र स्थित मेकाहारा में आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंची। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मिलकर पूरे परिसर की निगरानी की। वहीं, दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के साथ पुलिस और दमकल ने आग पर काबू पाने के साथ मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।
आग के कारणों की जांच शुरू
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आग क्यों लगी इसकी वजह पता नहीं चल पाई है। शुरूआती जांच स्तर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रह ही है। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं,आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। तकनीकी जांच के आधार पर वास्तविक कारण सामने लाया जाएगा। फिलहाल आगजनी की घटना में किसी के भी हताहत होने की ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई है।