तहसील अमेठी क्षेत्र के राजस्व ग्राम खेरौना में तालाब की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
Amethi News: तालाब की जमीन पर अतिक्रमण से हरदेव नगर में जलभराव, ग्रामीणों ने लगाई गुहार |
बृजेश मिश्रा, अमेठी: तहसील अमेठी क्षेत्र के राजस्व ग्राम खेरौना में तालाब की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की भूमि पर अतिक्रमण के चलते हरदेव नगर मोहल्ले के सभी रास्तों पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
शिकायती पत्र के मुताबिक राजस्व ग्राम खेरौना की गाटा संख्या 497/1 और 497/2 तालाब भूमि है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस भूमि पर प्रदीप सोनी उर्फ बनारसी, हीरा सोनी, राम प्रताप जयसवाल, राम मिलन तिवारी समेत अन्य लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इसके चलते बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होती है और रास्तों पर जलभराव बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में WPIL 252/2026 दाखिल किया गया था। शिकायती पत्र में दावा किया गया है कि हाईकोर्ट द्वारा तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अभी तक प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर जलभराव की समस्या समाप्त कराने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।