उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राजधानी लखनऊ से तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
CM Yogi Tiranga Yatra: लखनऊ में सीएम योगी ने हरी झंडी दिखाकर किया तिरंगा यात्रा का आगाज |
डॉ अतुल मोहन सिंह,लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश भर में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राजधानी लखनऊ से तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एवं यात्रा को हरी झंडी दिखाकर युवाओं और नागरिकों को अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लहराने का आह्वान किया।
भाजपा नेता और युवा हुए शामिल
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा में सबसे विशेष आकर्षण युवाओं की भागीदारी रही। हजारों की संख्या में हाथ में तिरंगा थामे युवाओं ने यात्रा निकाली।
हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक का राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक जन-आंदोलन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों, दुकानों, संस्थानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं और स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानियों के बलिदान को याद करें।
प्रदेश भर में आयोजित हो रहे कार्यक्रम
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों, तहसील और पंचायत स्तरों पर तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाकर प्रदेश के हर कोने को तिरंगे के रंग में रंगने की तैयारी पूरी कर ली गई है।