जबलपुर बरगी डैम हादसे के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव पीड़ित परिवारों से मिले। तमिलनाडु शव भेजने के लिए हवाई सुविधा और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री Mohan Yadav शनिवार सुबह जबलपुर पहुंचे। डुमना एयरपोर्ट से सीधे खमरिया पहुंचकर उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के पार्थिव शरीर को तमिलनाडु उनके पैतृक घर तक हवाई मार्ग से पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित बच्चों को देखकर भावुक हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने हादसे में प्रभावित आर कामराज के परिवार से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, कामराज परिवार के सात सदस्य क्रूज में सवार थे। इनमें आर कामराज सहित तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं वहीं उनकी पत्नी और भाभी के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि एक बेटा और एक बेटी को सुरक्षित बचा लिया गया था। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी। मौके पर मौजूद कई लोग उस समय भावुक हो गए जब मुख्यमंत्री ने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें हिम्मत दी।
तमिलनाडु भेजे जाएंगे पार्थिव शरीर
लेबर यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मृतकों के शव उनके पैतृक राज्य तमिलनाडु भेजने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगी।

दरअसल, हादसे में कई परिवार ऐसे हैं जो मध्य प्रदेश से बाहर के राज्यों से जबलपुर घूमने आए थे। ऐसे में शवों को सुरक्षित और सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया था।
लापता पांच वर्षीय बच्चे को लेकर बढ़ी चिंता
मुख्यमंत्री ने दरहाई मार्ग निवासी मृतक नीतू सोनी के घर पहुंचकर भी शोक व्यक्त किया। परिवार ने उन्हें बताया कि हादसे में नीतू सोनी की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय विराज सोनी अब भी लापता है बच्चे की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें डैम क्षेत्र में सर्च अभियान में जुटी हैं। यही सवाल अब हर किसी के मन में है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और मौसम खराब होने के बावजूद क्रूज को अनुमति क्यों दी गई?
सरकार ने सख्ती के दिए संकेत
बरगी डैम हादसे के बाद सरकार ने मामले में सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं बताया जा रहा है कि क्रूज संचालन, सुरक्षा मानकों और मौसम संबंधी चेतावनियों को लेकर कई अहम बिंदुओं की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कई वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री Jagdish Devda, लोक निर्माण मंत्री Rakesh Singh सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे पूरे घटनाक्रम के बीच सरकार की कोशिश पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत देने और रेस्क्यू अभियान को तेज करने पर केंद्रित नजर आई।