मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा...
MP Har Ghar Tiranga: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ |
MP Har Ghar Tiranga: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद सीएम मोहन यादव टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे जहां से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई।
सीएम मोहन का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन वर्ष 1942 में पूज्य महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसने ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश इस वर्ष 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस 'तिरंगा यात्रा' और 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से हम देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के त्याग व बलिदान को नमन कर रहे हैं।
बारिश और देशभक्ति का जज्बा
टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रिमझिम बारिश के बीच हाथ में तिरंगा थामे सैकड़ों युवाओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने मंच से तिरंगा फहराकर यात्रा को हरी झंडी दिखाई और युवाओं को जीवन भर राष्ट्र सेवा व देशभक्ति के पथ पर चलने का संकल्प दिलाया।
देशव्यापी आह्वान का हिस्सा बनी यात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आह्वान पर देश के सभी राज्यों की राजधानियों में इस प्रकार की तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल में आयोजित इस भव्य यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस के मन में राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करना है।