भोपाल में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए। जालसाजों ने डॉलर देने का झांसा देकर और मृत व्यक्ति के बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर कुल 2.81 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली।
भोपाल: राजधानी भोपाल में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। जालसाजों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हुए कुल 2 लाख 81 हजार रुपए की ठगी कर ली.इस मामले में शाहजनाबाद पुलिस थाने ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों की प्रारंभिक जांच पहले भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच द्वारा की गई थी।
मृत व्यक्ति के खाते से भी निकाल ली रकम
पहले मामले में शिकायतकर्ता आरिफ खान ने बताया कि उनके पिता अखतर खान का निधन हो चुका है। इसके बावजूद उनके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर ली गई.जानकारी के अनुसार बैंक में मौजूद खाते से दो किस्तों में 1 लाख 45 हजार रुपए निकाल लिए गए.परिवार को इस ठगी की जानकारी तब हुई जब वे बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि यह राशि किसी खाते में ट्रांसफर की गई थी।
डॉलर देने के नाम पर ठगी
दूसरे मामले में साना यूसिफ ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्हें डॉलर की आवश्यकता थी और इसी दौरान उन्हें Telegram पर एक समूह का विज्ञापन दिखाई दिया.फोन करने पर एक व्यक्ति ने खुद को राज बताते हुए कहा कि वह 91 रुपए में एक डॉलर उपलब्ध करा सकता है। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने संपर्क कर डॉलर देने के लिए भुगतान मांगा.शिकायतकर्ता ने पहले एक लाख रुपए और बाद में 36 हजार रुपए भेज दिए। आरोपियों ने कुल 1,600 डॉलर देने का वादा किया था, लेकिन पैसे लेने के बाद दोनों के फोन बंद हो गए।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जांच की गई और केस डायरी कार्रवाई के लिए शाहजहांनाबाद थाना पुलिस को भेज दी गई.पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक शेषनाथ कर रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।