भोपाल बार एसोसिएशन चुनाव में 77 फीसदी मतदान के बाद आज मतगणना होगी। मध्य प्रदेश में पहली बार स्कैनर मशीन से वोटों की गिनती की जाएगी।
भोपाल। भोपाल जिला बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। जिला न्यायालय परिसर में हुए इस चुनाव में 5700 पंजीकृत मतदाता अधिवक्ताओं ने 30 पदों के लिए खड़े 89 प्रत्याशियों के लिए मतदान किया। इससे पूर्व 80 वकीलों ने टेण्डर वोट डाले थे। इस तरह कुल 4402 वकीलों ने अपने मतों का प्रयोग किया। इस चुनाव में 77 प्रतिशत मतदान किया गया। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। पहला रूझान दोपहर 12 बजे आएगा। शाम चार बजे परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। मध्य प्रदेश मे पहली बार स्कैनर मशीन से मतों की गणना होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी वासु वासवानी ने बताया कि आज मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। जिला प्रशासन और न्यायालय प्रशासन के सहयोग से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। मतदान समाप्त होने तक बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने तीन न्यायिक अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जिनकी निगरानी में मतदान हुआ।
5700 मतदाता को मिला मतदान का अधिकार
जिला अधिवक्ता संघ के मीडिया प्रभारी खालिद हफीज ने बताया कि संघ में लगभग साढ़े दस हजार वकील पंजीकृत हैं। मध्यप्रदेश स्टेट बार कौंसिल की वैरिफकेशन लिस्ट के अनुसार 5700 मतदाता वकीलों को ही मतदान करने का अधिकार दिया गया था। न्यायाधीशगण, पर्यवेक्षक एवं वरिष्ठ वकील भी चुनावी प्रक्रिया पर बराबर नजर रखे रहे। मतदान के बाद मतपेटियों को न्यायाधीशगण और प्रत्याशियों के सामने सीलबंद कर जिला अदालत के मालखाना में रखा गया है। चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मतदान के दौरान अध्यक्ष पद पर देवेंद्र रावत और सुशील श्रीवास्तव के बीच चुनाव जीतने की अटकलें चलती रहीं।
शुक्रवार को मतगणना, रात 9 बजे तक आएंगे परिणाम
हफीज ने बताया कि मतगणना शुक्रवार को सुबह आठ बजे से प्रांरभ होगी। सबसे पहले मतपत्रों की छंटाई की जाएगी। इसके बाद मतगणना प्रांरभ की जाएगी। सुबह 10 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। शुक्रवार को प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और पुस्तकालय अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के परिणाम घोषित किए जाएंगें। वही सहायक चुनाव अधिकारी कमल ने बताया कि मतगणना का पहला रुझान दोपहर 12 बजे तक आने की संभावना है। पदाधिकारियों के चुनाव परिणाम रात 9 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे। वही कार्यकारिणी सदस्यों के मतों के चुनाव परिणाम अगले दिन तक घोषित किए जाएंगें। इस चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव,सहसचिव, कोषाध्यक्ष एवं पुस्तकालयाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी सदस्यों के 30 पदों के लिए 89 प्रत्याश्यिों के बीच मुकाबला है। इनमें 9 महिला प्रत्याशी भी शामिल है।