अंकित पाण्डेय, गौरीगंज, अमेठी: लखनऊ जोन की 13वीं अन्तर्जनपदीय मलखम्भ प्रतियोगिता में अमेठी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में आयोजित प्रतियोगिता में अमेठी की टीम ने 38.5 अंक हासिल कर टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, एकल स्पर्धा में भी अमेठी के खिलाड़ियों ने तीनों स्थानों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रविवार को दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन जिलाधिकारी शशांक चौधरी की मौजूदगी में हुआ।
टीम स्पर्धा में अमेठी ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के छह जनपदों अमेठी, सुलतानपुर, अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, उन्नाव और खीरी की टीमों ने प्रतिभाग किया। मलखम्भ पर खिलाड़ियों ने संतुलन, शारीरिक लचीलेपन, शक्ति और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कड़े मुकाबले के बीच अमेठी की टीम ने सर्वाधिक 38.5 अंक हासिल कर पहला स्थान अपने नाम किया। अम्बेडकरनगर की टीम 22 अंकों के साथ दूसरे और बाराबंकी की टीम छह अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
एकल स्पर्धा में भी अमेठी के खिलाड़ियों का दबदबा
व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी अमेठी के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। आरक्षी कुमार गौरव ने नौ अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। आरक्षी प्रमोद कुमार आठ अंकों के साथ दूसरे और आरक्षी शिवम तिवारी तीन अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। एकल स्पर्धा के तीनों स्थान अमेठी के खिलाड़ियों के नाम रहने से पुलिस टीम में उत्साह का माहौल रहा।
डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने जिलाधिकारी शशांक चौधरी का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों और टीम प्रबंधकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और अनुशासन को बढ़ावा देना रहा। ऐसे आयोजन पुलिसकर्मियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन श्वेताभ भास्कर, क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।