उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले का नाम सुरक्षा बलों और खुफिया दस्तों की पड़ताल के केंद्र में आ खड़ा हुआ है।
Balrampur Crime: शाहरोज की गिरफ्तारी के बाद अब सरफराज की कुंडली खंगाल रही एजेंसियां |
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले का नाम सुरक्षा बलों और खुफिया दस्तों की पड़ताल के केंद्र में आ खड़ा हुआ है। हाल के दिनों में यूपी एटीएस की टीम ने बलरामपुर के गैंसड़ी क्षेत्र से शाहरोज अहमद को गिरफ्तार किया था, जिस पर विदेशी खुफिया एजेंसी के इशारे पर नए नेटवर्क खड़े करने और बारूद-हथियार जुटाने की योजना का गंभीर आरोप है।
इस वारदात की तफ्तीश आगे बढ़ ही रही थी कि अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन की पढ़ाई कर रहे बलरामपुर के सरफराज खान की संदिग्ध हरकत उजागर हो गई। सरफराज के पास से विस्फोटक केमिकल तैयार करने के समीकरण और बम बनाने का पूरा खाका लिखा पर्चा बरामद हुआ है।
अयोध्या जैसे संवेदनशील स्थान पर घटी इस घटना का सीधा संबंध बलरामपुर से निकलते ही सुरक्षा तंत्र पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। जांच टीमें अब इस आशंका की तह तक जाने की कोशिश में हैं कि क्या अयोध्या में धरा गया सरफराज और पाक नेटवर्क के आरोप में पकड़ा गया शाहरोज किसी एक ही गुप्त डिजिटल मंच या विदेशी आकाओं से दिशा-निर्देश हासिल कर रहे थे।
एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमें दोनों युवकों की कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट और स्थानीय संपर्कों का बारीकी से मिलान कर रही हैं, ताकि पर्दे के पीछे छिपे पूरे सच को सामने लाया जा सके।