विदिशा जिले के थाना आनंदपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जावती में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के आरोपी अजय अहिरवार को पुलिस ने महज 24 घंटे के..
आनंदपुर से आशुतोष: विदिशा जिले के थाना आनंदपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जावती में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के आरोपी अजय अहिरवार को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध देशी पिस्टल और एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश में मारी थी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 6 सितंबर को ग्राम जावती निवासी मोहन मीना पर गांव के ही अजय अहिरवार ने जान से मारने की नीयत से देशी पिस्टल से फायर कर दिया था। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर आनंदपुर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में अवैध हथियार का इस्तेमाल पाए जाने पर मामले में धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट बढ़ाई गई।
मुखबिर सूचना पर हत्थे चढ़ा आरोपी
घटना को गंभीरता से देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी तथा एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी अजय अहिरवार (21) पिता लालाराम अहिरवार निवासी जावती, हाल मुकाम परवरिया को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश रघुवंशी, सउनि जगदीश भिलाला, प्रधान आरक्षक अनिल तोमर, नन्नलाल भील, आरक्षक विजय शर्मा, अनिल डोडियार, दीपक रघुवंशी, विजय, तकतसिंह भील और सैनिक रविशंकर शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।