Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान योगेंद्र यादव, उमर खालिद और संदीप दीक्षित हिरासत में लिए गए

CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान योगेंद्र यादव, उमर खालिद और संदीप दीक्षित हिरासत में लिए गए

CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान योगेंद्र यादव, उमर खालिद और संदीप दीक्षित हिरासत में लिए गए
X

नई दिल्ली। नागरिकता कानून के खिलाफ देशव्यापी आज प्रदर्शन हो रहा है। दिल्ली में लाल किला क्षेत्र के आसपास लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मार्च शुरू किया। बताया जा रहा है कि अब भी दिल्ली के लालकिला इलाके से लेकर अन्य इलाकों में प्रदर्शनकारी जमे हुए हैं। दिल्ली में लाल किला क्षेत्र के आसपास लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मार्च निकालने की कोशिश की जिसके बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि स्वराज अभियान के प्रमुख योगेंद्र यादव को भी हिरासत में लिया गया। मार्च निकालने की कोशिश कर रहे छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर ले जाया गया। हाथों में तख्तियां लिए हुए और नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने खुद को बसों में ले जाने दिया।

स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव के अलावा कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित और जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद समेत कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं योगेंद्र यादव ने ट्वीट कर दावा किया है कि पुलिस ने करीब 1000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें बताया गया है कि उन सभी को बवाना ले जाया जा रहा है।

इस बीच दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए करीब 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी ने कहा कि दिल्ली में वसंत विहार और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद, लेकिन ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही 16 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए। इसके अलावा, एयरटेल ने दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदर्शन के मद्देनजर मोबाइल फोन सेवा को भी बंद कर दिया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दो विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। एक विरोध प्रदर्शन छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित किया गया है जबकि दूसरा प्रदर्शन वामपंथी पार्टियों ने आहूत किया है। दोनों ही मार्च आईटीओ के निकट शाहीन पार्क में मिलेंगे।

स्वराज्य अभियान के प्रमुख योगेंद्र यादव ने कहा, '' मैं जानता हूं कि हमारे कई साथियों को हिरासत में लिया जा रहा है, इसके बावजूद कई लोग यहां एकत्र हुए । उन्होंने कहा कि इस देश में नागरिकता का बंटवारा नहीं किया जा सकता और ''इसीलिए हमने आज विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा की घटना के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने 12 और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने मंगलवार और बुधवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया कि सीलमपुर में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में 12 लोगों को पकड़ा गया है। पांच को जाफराबाद मामले में और चार को दयालपुर मामले में गिरफ्तार किया गया है।

Updated : 19 Dec 2019 8:45 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top