दिल्ली में बारिश से गिरा पारा, पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर
X
नई दिल्ली। दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई। इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया था।
वहीं, उत्तराखंड के केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित हिमालय की सभी ऊंची पहाड़ियों पर भारी बर्फबारी होने से पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई। लगातार बर्फबारी होने से कई जगह सफेद चादर ढक चुकी है। हिमाचल प्रदेश में भी लगातार बर्फबारी और बारिश हो रही है जिससे पूरे राज्य में शीतलहर तेज हो गई है। हालांकि भारी बर्फबारी से पर्यटकों के बीच खुशी की लहर है।
केदारनाथ सहित हिमालय की सभी ऊंची पहाड़ियों पर दूसरे दिन भी जोरदार बर्फबारी हुई। विशेष रूप से केदारनाथ, मद्महेश्वर और तुंगनाथ की चोटियों में हिमपात होने से ठंड पूरी तरह असर दिखाने लगी है। बीते दो दिनों से पूरे जिले में ठंड से लोग ठिठुरने लगे हैं।
रूद्रप्रयाग जिले में बुधवार को भी मौसम पूरी तरह ठंडकभरा रहा। मुख्यालय सहित जिले के सभी निचले स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे। जबकि केदारनाथ में मंगलवार रात से ही बर्फबारी हो रही है। बुधवार सुबह भी यहां जोरदार बर्फबारी होती रही। मंदिर परिसर और संपूर्ण केदारपुरी बर्फ से सफेद हो गई है। देर सायं तक बर्फबारी होने के कारण केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हो गए हैं। खुले स्थानों पर होने वाले कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इधर केदारनाथ से लगी सभी पहाड़ियों में बर्फ गिर रही है।
Amit Senger
Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you