केजरीवाल की जुबां पर आई उनकी इच्छा, कहा - 'हो सकता है कल केंद्र में हमारी सरकार हो'

नईदिल्ली। दिल्ली में उपराज्यपाल और सरकार के बीच जारी खींचतान कम होने का नाम नहीं ले रही है।मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में उपराजयपाल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर चर्चा हुई। जिसमें मुख्यमंत्री अऱविंद केजरीवाल ने भाग लेते हुए एलजी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने उपराज्यपाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना से मुलाकात करने गया था। उनको समझना चाहिए कि कोई भी सरकार स्थाई नहीं होती है। हो सकता है कल केंद्र में हमारी सरकार हो।
उन्होंने कहा कि भगवान ने चाहा तो कल केंद्र में हमारी सरकार होगी। हम चुनी हुई सरकार की इज्जत करते हैं। लोग बच्चों को सरकारी स्कूल में भेज रहे हैं। शिक्षकों को फिनलैंड जाने से रोका जा रहा है। हमारी सरकार शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए फिनलैंड भेजना चाहती है।मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के कई नेता विदेशों में पढ़कर आए हैं। उनके बच्चे विदेशों में पढ़ रहे हैं। हर काम के लिए एलजी के पास फाइल जाती है। भाजपा की मानसिकता सामंतवादी, क्या अब एलजी यह करेंगे कि हम अपने बच्चों को कहां पढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन लोगों ने हमारे बच्चों को पढ़ने नहीं दिया। "हमारे लिए जनतंत्र, संविधान और कानून सर्वोपरि हैं। एलजी को भी कानून, दिल्ली की जनता और उनके द्वारा चुनी विधानसभा का सम्मान करना चाहिए।"
