Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > कांग्रेस के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा भाजपा में शामिल

कांग्रेस के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा भाजपा में शामिल

कांग्रेस के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा भाजपा में शामिल
X

नई दिल्ली। हरियाणा से कांग्रेस के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने भाजपा की नीति और रीति में भरोसा जताते हुए कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जरूरत है और पार्टी को आम चुनाव में विजय दिलाने के लिए वह पूरी ईमानदारी और ताकत से हरसंभव प्रयास करेंगे।

भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पार्टी महासचिव डॉ अनिल जैन ने शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता की पर्ची देकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया।

गौरतलब है कि पूर्व सांसद अरविंद शर्मा 2014 में कांग्रेस पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़े थे और भाजपा के उम्मीदवार अश्विनी चोपड़ा से हार गए थे। इसके बाद वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए थे। बसपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया था। उन्होंने विधानसभा चुनाव में 2 सीटों से चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों ही सीटों पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा । इसके बाद वर्ष 2016 में शर्मा ने बसपा छोड़ दी।

अरविंद शर्मा वर्ष 1996 में 11वीं लोकसभा के चुनाव में सोनीपत सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। इसके बाद वह हरियाणा में शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष रहे और रोहतक लोकसभा से चुनाव लड़े किंतु पराजय हासिल हुई। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए और करनाल लोकसभा से 2004 और 2009 में चुनाव लड़ा। दोनों बार जीत हासिल की, तीसरी बार 2014 में उन्हें भाजपा के अश्विनी चोपड़ा के मुकाबले पराजय का मुंह देखना पड़ा।

Updated : 15 March 2019 2:57 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top