यात्री ने की शिकायत, कोच डिस्प्ले नहीं हो रहा था, मुझे परेशानी हुई

ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगे कोच डिस्प्ले इन दिनों यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कोच डिस्प्ले नहीं होने का मामला कई बार झांसी तक पहुंच चुका है, लेकिन उसके बाद भी झांसी मंडल के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बीते रोज ग्वालियर से इन्दौर जा रहे मोहन कुमार माहेश्वरी ने कोच इंडिकेटर बंद होने पर रेलवे की शिकायत पुस्तिका में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह 27 अगस्त को मालवा एक्सप्रेस से ग्वालियर से इन्दौर जाने के लिए प्लेटफार्म क्रमांक एक पर पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन जब ग्वालियर पहुंची तो कोच इंडिकेटर बंद था। उन्होंने बताया कि उनका आरक्षण कोच ए-1 में था, लेकिन सभी कोचों के इंडिकेटर तो चल रहे थे, लेकिन कुछ कोचों के इंडिकेटर बंद थे।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने लिखा था रेल मंत्री को पत्र
बीते वर्ष अक्टूबर माह में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर कोच डिस्प्ले नहीं होने के मामले से अवगत कराया था, लेकिन उसके बाद भी आए दिन कोच इंडिकेटर बंद हो जाते है। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फीडिंग तो होती है लेकिन इंडिकेटर बंद हो जाते हैं
रेलवे स्टेशन पर लगी मशीन में रेलवे कर्मचारियों द्वारा कोचों की पॉजीशन फीड की जाती है, जिसके द्वारा कोच इंडिकेटर में कोच पॉजीशन दिखाई जाती है, लेकिन कोच इंडिकेटर खराब होने की वजह से ट्रेन के आने पर कुछ ही कोच डिस्प्ले होते हैं।
