कथित भारत बंद : ग्वालियर में जनजीवन सामान्य, हर जगह पुलिस की पैनी निगाह

ग्वालियर। कथित भारत बंद का असर ग्वालियर में देखने को नहीं मिल रहा। जनजीवन आमदिनों की तरह ही सामान्य है। बाजार अलावा स्कूल , कॉलेज खुले है। हालाँकि एहतियात के तौर पर निजी स्कूल कॉलेजों ने अपने यहाँ अवकाश पहले ही घोषित कर दिया था। जिससे वे बंद रहे। उधर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। शहर में करीब 1800 पुलिस कर्मचारी अधिकारी तैनात है जिसमें जिला पुलिस बल के अतिरिक्त एसएएफ , एसटीएफ सहित वन विभाग और होमगार्ड शामिल हैं , जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।इसके अलावा 525 सीसीटीवी कैमरे , 2 ड्रोन कैमरे 45 एसआरवी भी बराबर निगरानी रखे हुए है। शहर में संवेदनशील क्षेत्रों में 50 पॉइंट बनाए गए हैं जहाँ हर पॉइंट पर 6 पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के अनुसार अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं है , शहर में हालात सामान्य हैं। पुलिस चप्पे चप्पे पर तैनात है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई भी संगठन ऐसा सामने नहीं आया है जिसने इस कथित बंद का आह्वान किया है।
