स्नेहालय दुष्कर्म काण्ड : मुख्य आरोपी चौकीदार साहब सिंह गिरफ्तार

स्नेहालय दुष्कर्म काण्ड :  मुख्य आरोपी चौकीदार साहब सिंह गिरफ्तार
X
केयरटेकर प्रभा यादव को भी पुलिस ने पकड़ा, फरार डॉ पुष्पा मिश्रा की तलाश जारी, विदेशी फंडिंग की भी होगी जांच

ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। सेवा और शिक्षा जैसे पवित्र कार्य को कलंकित करने वाले स्नेहालय दुष्कर्म काण्ड के मुख्य आरोपी चौकीदार साहब सिंह और इसमें शामिल केयर टेकर प्रभा यादव को भी पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म, गर्भपात और साक्ष्य मिटाने जैसे घिनौने काम में में शामिल कुल नौ आरोपियों में आठ को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार कर लिया है जबकि एकमात्र आरोपी डॉक्टर पुष्पा मिश्रा की तलाश अभी जारी है।

ग्वालियर के बिलौआ थाना क्षेत्र में स्थित स्नेहालय में रहने वाली 24 साल की मूकबधिर युवती के साथ चौकीदार साहब सिंह ने कुछ महीने पहले दुष्कर्म किया, केयरटेकर ने स्नेहालय के संचालक डॉ. वीके शर्मा से मई में इसकी शिकायत की लेकिन उन्होंने इसपर ध्यान नहीं दिया।इस बीच जब युवती की तबियत बिगड़ने लगी तो चुपचाप यहाँ के स्टाफ ने पहले आंतरी स्वास्थ्य केंद्र और फिर कमलाराजा अस्पताल में युवती की जांच कराई। अल्ट्रासाउंड में युवती के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अब इसके बाद स्नेहालय स्टाफ ने गर्भ को गिराने की योजना बनाई। संचालक डॉ. वीके शर्मा की पत्नी डॉ. भावना शर्मा ने योजनाबद्ध तरीके से 19 सितम्बर को युवती के कमरे में जाकर जबरन उसे गर्भपात की गोलियां जिसके कुछ घंटे बाद युवती का गर्भपात हो गया। उसके बाद एक मासूम से भ्रूण को उठवाकर बाल्मीकि तक पहुंचवाया और फिर रवि बाल्मीकि ने डॉ. भावना सहित अन्य कई लोगों के सामने ही भ्रूण को जलाकर नष्ट कर दिया।

युवती के साथ हुए अत्याचार को स्नेहालय की एक केयरटेकर सहन नहीं कर पाई और उसने 20 सितम्बर को किसी तरह महिला बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह तक घिनौने काम की शिकायत पहुंचाई जिसके बाद स्नेहालय पहुंची महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने पुष्टि करने के बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया और फिर पुलिस ने स्नेहालय के संचालक डॉ. वीके शर्मा , उसकी पत्नी डॉ. भावना शर्मा, डॉ.विवेक साहू, वार्डन गिर्राज बघेल, सुपरवाइजर रवि बाल्मीक, मैनेजर जयप्रकाश शर्मा को रात को ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्र बताते हैं कि रात को घर में पुलिस को खड़ा देख डॉ. वीके शर्मा ने अपना रूतबा और रसूख दिखाने की कोशिश भी की। लेकिन बिलौआ टीआई अमित भदौरिया के सामने उसकी एक नहीं चली।

पूरे मामले में पुलिस ने नौ आरोपी बनाये। 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश करती रही जसमें मुख्य आरोपी चौकीदार साहब सिंह भी शामिल था। बिलौआ पुलिस के लगातार प्रयास के बाद साहब सिंह और केयरटेकर प्रभा यादव भी गिरफ्तार कर लिए गए अब केवल फरार एक आरोपी डॉ.पुष्पा मिश्रा की गिरफ्तारी शेष है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आठों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

घटना के बाद जबसे विदेशी फंडिंग और अमेरिका, इंग्लैण्ड और ऑस्ट्रेलिया से एनजीओ प्रतिनिधियों के स्नेहालय में लगातार आने और स्नेहालय को मोटा डोनेशन देने की बात सामने आई है तब से पुलिस के साथ साथ स्थानीय प्रशासन के भी कान खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार स्नेहालय को होने वाली विदेशी फंडिंग की भी बारीकी से जाँच की जाएगी। टीआई अमित भदौरिया ने स्वदेश से बातचीत में कहा चूँकि मामला गंभीर है इसलिए बहुत बारीकी से हर एंगल पर इसकी जांच की जा रही है। दोषी कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।

Tags

Next Story