ग्वालियर,न.सं.। वीर सावरकर सरोवर(कटोरा ताल) के गंदे पानी की समस्या का स्थाई रूप से हल निकालने के साथ स्मार्ट सिटी के तहत बनाई जा रही राजपायगा व आमखो रोड की प्रगतिरिपोर्ट जानने के उद्देश्य से मंगलवार को स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीतू माथुर ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित थे।
श्रीमती माथुर ने कटोराताल के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से कहा कि कटोरा ताल के गंदे पानी को निकालकर साफ पानी भरने के साथ अन्य मरम्मत कार्य को अगले 10 दिन में पूर्ण कर लें ताकि म्यूजिकल फाउंटेन दुबारा शुरू हो सके उन्होंने बार-बार पानी के गंदे होने की समस्या का भी स्थाई निदान करने के लिए जरूरी कार्यो को प्राथमिकता में लेकर करने के जरूरी दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
सेंट फिल्टर प्लांट लगेगा
कटोराताल में सेंट फिल्टर प्लांट सहित कटोरा ताल के लिए विद्युत आपर्ति के लिए अलग से ट्रांसफर स्टेशन लगाए जाएंगे। वहीं पानी साफ करने के लिए क्लोरीन प्लांट का पूरा सेटअप भी कटोराताल पर जल्द ही लगाया जाएगा।
अधिकारी बोले समय पर पूरा होगा काम
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्रीमती माथुर ने राजपायगा व आमखो रोड पर चल रहे स्मार्ट रोड के कार्य का भी मुआयना किया और यहां चल रहे कार्य पर संतुष्टि जाहिर करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को तय समय मे निर्धारित कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिशा निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कार्य समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।