Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > रुठीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष को मनाने मंत्री ने नीचे बैठकर खिंचाई फोटो

रुठीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष को मनाने मंत्री ने नीचे बैठकर खिंचाई फोटो

कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में महिला अध्यक्ष का अपमान, स्वागत सम्मान से दूर रखा गया, मंच पर लगाई कुर्सी किसी कार्यकर्ता ने खिसका ली

ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को अपना 133 वा स्थापना दिवय मनाया। लेकिन ये स्थापना दिवस विवादों की भेंट चढ़ गया। महिलाओं के सम्मान के दावे करने वाले कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम में अपनी ही पार्टी की महिला अध्यक्ष का अपमान किया उन्हें स्वागत सम्मान से दूर रखा जिसके चलते वो रूठ गईं और नीचे आकर कार्यालय भवन में बैठ गईं ।

पूरे देश की तरह ग्वालियर में भी शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी का 133 वा स्थापना दिवस मनाया। शिंदे की छावनी स्थित पार्टी कार्यालय माधव राव सिंधिया भवन की छत पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वन्देमातरम से हुई उसके जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, के कामराज, राजीव गांधी, माधवराव सिंधिया के चित्रों पर किये पुष्प अर्पित किये और कांग्रेस का ध्वज फहराया। जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मक्खनलाल ओझा, पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा, चंद्रमोहन नागौरी, विधायक मुन्नालाल गोयल का शॉल, श्रीफल और माला पहनाकर सम्मानित किया। उसके बाद विधायक मुन्नालाल गोयल ने जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। लेकिन यहाँ मौजूद किसी भी पदाधिकारी ने ना तो महिला कांग्रेस अध्यक्ष का सम्मान किया ना ही उनसे किसी का सम्मान कराया।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे अपना अपमान मानते हुए नाराजगी जताई और ध्वजारोहण के बाद नीचे उतर आईं। कार्यक्रम में थोड़ी देर बाद कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहाँ उनके स्वागत के लिए कुर्सियां लगाईं गई। उनपर मंत्री सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को बैठना था, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कौरव के लिए भी कुर्सी रखी गई लेकिन जैसे ही मंत्री तुलसी सिलावट पहुंचे कमलेश कौरव ने अपनी कुर्सी उन्हें ऑफर कर दी और दूसरी कुर्सी की तरफ बढ़ गई लेकिन तब तक किसी कार्यकर्ता ने उनकी कुर्सी खींच ली। इसी बीच कार्यकर्ता मंत्री जी के स्वागत के लिए उमड़ पड़े और जमकर वहां धक्का मुक्की करने लगे। जिसके बाद कमलेश कौरव अन्य महिला नेत्रियों के साथ नीचे फर्श पर नीचे आकर बैठ गईं । बाद में जैसे ही मंत्री तुलसी सिलावट को महिला अध्यक्ष के रूठने की बात चली तो वे उनके पास आये और फर्श पर बैठकर महिला नेत्रियों के साथ फोटो खिंचवाए। मंत्री ने कहा मैं आपके साथ हूँ आप नाराज ना हों। उसके बाद मामला शांत हो गया।

उधर कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट से जब पत्रकारों ने मंत्रालय वितरण में हो रही देरी पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ स्तर पर मंथन चल रहा है जल्दी ही विभाग दे दिए जायेंगे, भाजपा द्वारा मंत्रालय बंटवारे को लेकर उठाये जा रहे सवाल पर तुलसी सिलावट ने तंज कसा " कांग्रेस क्या भाजपा से पूछकर सरकार मंत्रालय बांटेगी "? कांग्रेस कार्यालय के बाद वे छत्री परिसर स्थित माधवराव सिंधिया की छत्री पर गए और उन्होंने वहां पुष्प अर्पित किये और उसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Updated : 28 Dec 2018 2:22 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top