स्नेहालय में मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म, संचालक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। मूकबधिरों एवं मंदबुद्धि बच्चों के लिए संचालित आश्रम स्नेहालय में एक युवती के साथ दुष्कर्म करने , युवती के गर्भवती होने के बाद गर्भपात करने और भ्रूण को नष्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घिनौने मामले में स्नेहालय के संचालक डॉ. वीके शर्मा और उसकी पत्नी शामिल बताये गए हैं। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीन आरोपी फरार बताये गए हैं। बताया जाता है कि स्नेहालय संचालक रसूखदार व्यक्ति है और आश्रम में अमेरिका , इंग्लैण्ड और ऑस्ट्रेलिया से फंडिंग होती है।
ग्वालियर के बिलौआ थाना क्षेत्र में संचालित होने वाले स्नेहालय में मूकबधिर युवतियों और मंदबुद्धि बच्चों के लिए सेवाकार्य किया जाता है लेकिन इसी सेवाकार्य के बीच एक ऐसा घिनौना कृत्य सामने आया है जिसने स्नेहालय की स्थापना के औचित्य पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला यहाँ रहने वाली 24 साल की मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले यहाँ रहने वाली एक युवती के साथ स्नेहालय में ही दुष्कर्म किया गया। यहाँ रहने वाली अन्य बच्चियों ने स्नेहालय के चौकीदार साहब सिंह को युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। जिसकी शिकायत मई में महिला केयरटेकर ने संचालक डॉ वीके शर्मा से लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया । चूँकि युवती मूकबधिर थी इसलिए वो भी किसी से कुछ नहीं कह पाई।
दुष्कर्म के कारण युवती गर्भवती हो गई इसकी जानकारी लगते ही संचालक डॉ. वीके शर्मा की पत्नी डॉ. भावना शर्मा ने युवती को 19 सितम्बर को गर्भपात कराने के लिए कुछ गोलियां खिला दी उसके कुछ घंटे बाद युवती का गर्भपात हो गया। डॉ. वीके शर्मा और डॉ. भावना शर्मा ने आश्रम में रह रहे मंदबुद्धि बालक से ही भ्रूण को उठवाया और सुपरवाइजर रवि बाल्मीकि के हवाले कर दिया और फिर रवि ने स्नेहालय के पिछले क्षेत्र में भ्रूण को जलाकर नष्ट कर दिया।
युवती के साथ हुई इस घटना से परेशान महिला केयरटेकर ने इसकी शिकायत किसी तरह महिला एवं बाल विकास अधिकारियों तक पहुंचाई। 20 सितम्बर को महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी जांच के लिए बाल संरक्षण अधिकारी संदीप जयंत को भेजा, जयंत ने जब जांच की तो मामला गंभीर निकला। उन्हें पीड़ित युवती के साथ रहने वाली बालिका ने पूरी कहानी सुनाई। पूछताछ में सुपरवाइजर रवि ने भ्रूण नष्ट करना स्वीकार कर लिया। घटना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर लिया। थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि मामला पंजीबद्ध होते ही बीती देर रात आरोपी डॉ. वीके शर्मा, उसकी पत्नी डॉ. भावना शर्मा, डॉ. विवेक साहू , वार्डन गिर्राज बघेल, सुपरवाइजर रवि बाल्मीकि, मैनेजर जयप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन अन्य आरोपी डॉ. पुष्पा मिश्रा, चौकीदार साहब सिंह और कर्मचारी प्रभा यादव फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता केयरटेकर की बात पर भरोसा करें तो यहाँ पहले भी कई घटनाएं हुई हैं , लड़कियां यहाँ से गायब भी हुई है। उनके साथ गलत काम भी हुए हैं लेकिन संचालक के रसूख के चलते कोई एक्शन नहीं होता। बताया ये भी गया है कि स्नेहालय में अमेरिका, इंग्लैण्ड और ऑस्ट्रेलिया से प्रतिनिधि आते रहते हैं और मोटा डोनेशन देकर जाते हैं। अभी भी कुछ विदेशी लोग यहाँ आये हुए हैं। उधर महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल संरक्षण अधिकारी संदीप जयंत का कहना है कि शनिवार को एक्सपर्ट के साथ स्नेहालय का निरीक्षण किया जाएगा जिसमें साइन लेंग्वेज में बात करने वाले भी शामिल होंगे और मेडिकल एक्सपर्ट भी शामिल होंगे। यहाँ रह रहे सभी 55 लोगों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। बच्चियों और युवतियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
