रामनिवास की खदान पर पहुंची खनिज विभाग की टीम

रामनिवास की खदान पर पहुंची खनिज विभाग की टीम
X
भंसाली से हुए विवाद में समझौते के आसार

ग्वालियर। मुरार के पारसेन क्षेत्र में खनन कारोबार कर रहे रामनिवास शर्मा द्वारा चंद्रपुरा क्षेत्र में संजय भंसाली की खदान पर मलबा डालने, विद्युत पोल गड़वाने और बांध का पानी रोकने के मामले की जांच के लिए सोमवार को खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां रामनिवास शर्मा के प्रतिनिधि प्रवेश शर्मा एवं इमराल्ड इंडस्ट्री के संचालक संजय भंसाली भी मौजूद थे। इस दौरान तीन बिंदुओं पर जांच के बाद दोनो पक्षोंं में समझौते के आसार बनते दिखे। इसमें यह भी स्पष्ट हुआ कि श्री शर्मा के द्वारा भंसाली की खदान पर मलबा फेंका जा रहा था और विद्युत पोल लगाए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि इस खबर को स्वदेश ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया है। इस खबर के बाद संभागीय आयुक्त बीएम शर्मा ने खनिज विभाग को इस मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए। क्योंकि इसके पहले भंसाली द्वारा की गई तमाम शिकायतों के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हो रही थी। इसके बाद संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख विनोद बागड़े, आरके खातरकर, आरएम सिंह एवं खनिज विभाग के निरीक्षक दीपक सक्सेना मौके पर पहुंचे। पड़ताल के बाद पंचनामा तैयार किया, जिसमें प्रवेश शर्मा ने स्वीकार किया कि हमने भंसाली की खदान पर मलबा फेंका है तो उसे हम उठा लेंगे। इसी तरह खंबे दूसरे के क्षेत्र में लगे हैं तो उसे भी हटा लिया जाएगा। इसी के साथ दोनों पक्षों में सीमांकन कराकर अपनी अपनी जमीन की सीमाएं अलग अलग करने की बात भी सामने आई। दरअसल श्री शर्मा को पारसेन क्षेत्र में खनन का काम मिला है, लेकिन उन्होंने चंद्रपुरा में संचालित खदान पर अपना मलबा डालना शुरु कर दिया। साथ ही विद्युत पोल लगवाए जाने लगे। जिससे विवाद खड़ा हुआ।

इसमें लगभग 50 हजार क्यूबिक मीटर के आसपास मिट्टी एवं मलबा भंसाली की खदान पर आ गया,जिसकी शिकायत भंसाली और सुमावली विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार द्वारा की गई।

ग्रामीणों ने भी की शिकायत

वहीं क्षेत्रीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने अधिकारियों को बताया कि श्री शर्मा द्वारा ग्रामीणों की जमीन पर भी कब्जे किए गए हैं और उनके द्वारा पारसेन बांध का डूब क्षेत्र का पानी रोके जाने से जनता परेशान है।

इनका कहना है

'' हम लोग तीन बिंदुओं पर जांच करने पारसेन एवं चंद्रपुरा पहुंचे, वहां पर रामनिवास शर्मा की ओर से प्रवेश शर्मा एवं संजय भंसाली आदि मौजूद थे। इसमें सहमति बनी कि शर्मा द्वारा भंसाली की खदान पर फेंके गए मलबे और पोल को हटवा लिया जाएगा। साथ ही सीमांकन भी कराया जाएगा।

विनोद बागड़े , क्षेत्रीय प्रमुख

संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म विभाग

''हम लोगों ने जांच के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनाने की कोशिश की है, इसमें दोनों पक्ष राजी हो गए हैं।शीघ्र ही मामला सुलझ जाएगा।

दीपक सक्सेना, खनिज निरीक्षक

Tags

Next Story