रेलवे क्वार्टरों में रहने वाले कई परिवार परेशान, धरने की दी चेतावनी

रेलवे कॉलोनी में पानी की किल्लत
ग्वालियर | रेलवे क्वार्टरों में लंबे समय से पेयजल समस्या बनी हुई है। क्वार्टरों में रहने वाले कई परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों ने पानी के लिए स्थानीय अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसके बाद भी पानी की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। जानकारी के अनुसार, स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टरों में रहने वाले परिवारों को इन दिनों पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है।
कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि शिकायत पर भी संबंधित विभाग ध्यान नहीं देर रहा है। जबकि, अधिकारी कॉलोनी में पानी की किल्लत नहीं होने का दावा कर रहे हैं। ए-वन श्रेणी के ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास रेल कर्मचारियों के क्वार्टर हैं। इनमें से कई क्वार्टरों में जलापूर्ति बीते लंबे समय से आए दिन बाधित रहती है। रेलकर्मियों के परिजनों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। प्यास बुझाने के लिए लोगों को इधर-उधर से पानी ढोने के लिए विवश होना पड़ रहा है। रेलकर्मियों का कहना है कि न्यू रेलवे कॉलोनी की पाइप लाइन जर्जर अवस्था में है, लिहाजा पानी घरों तक नहीं पहुंच रहा है। रेलकर्मियों का आरोप है कि समस्या से कई बार आईओडब्ल्यू से लेकर रेलवे के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन, हालात जस के तस बने हुए हैं।
डीआरएम को देंगे ज्ञापन
रेलवे कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि पानी की समस्या पिछले एक माह से है। पानी की समस्या को लेकर वह डीआरएम के पास शिकायत करने जाएंगे। प्लेटफार्म पर भी होती है पानी की किल्लत: रेलवे महाप्रबंधक से लेकर डीआरएम तक ने रेलवे स्टेशन व रेलवे की कॉलोनी में पानी की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन अधिकारियों के निर्देश के बावजूद भी व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पाया है। यात्रियों की शिकायत यह भी है कि गाडिय़ों के कोच में भी पानी नहीं भरा जा रहा है, जिसके चलते सफर के दौरान भी यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इनका कहना है
पानी की व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पानी को लेकर निगमायुक्त से भी चर्चा की गई है। जहां भी पानी की समस्या आ रही है उसे जल्द दूर कराया जाएगा।
मनोज कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
झांसी
भीषण गर्मी में तीन दिन से नहीं नहाया परिवार
रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर नम्बर आरबी-6 में रहने वाले विजय और मीरा बाथम के यहां पिछले एक माह से पानी नहीं आ रहा है। तब से वह अपने घर के पीछे से पानी भरकर ला रहे हैं। बीते तीन दिनों से विजय ने नहाया तक नहीं है। इस मामले को लेकर कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन उसके बाद भी पानी की समस्या का हल नहीं हो पा रहा है।
पानी नहीं मिला, तो करेंगे चक्काजाम
रेलवे कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने कहा कि अगर पानी नहीं मिलेगा, तो वह सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेंगे। परिवारों का कहना है कि पानी नहीं आने से दिनचर्या पूरी तरह से बिगड़ गई है, सुबह के समय बच्चे बिना नहाए स्कूल जा रहे हैं।
