ग्वालियर, न.सं.। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी चलाने का अपना अलग ही आनंद होता है। हर वर्ग आतिशबाजी चलाना पसंद करता है। इसी क्रम में ग्वालियर व्यापार मेला में आतिशबाजी का बाजार सजकर तैयार हो गया है। इस बाजार में 150 आतिशबाजी की दुकानें लगाई गईं हैं। इन दुकानों से प्रदूषण मुक्त पटाखों की बिक्री की जाएगी जिससे शहर का वातावरण स्वच्छ रह सके।
वहीं आतिशबाजी फुटकर विक्रेता संघ द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले में आतिशबाजी की दुकानें सजाई गई हैं। इस बार के दीपावली त्योहार लोगों में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार इन 150 दुकानों पर लगभग पांच करोड़ का कारोबार होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। दुकानदारों द्वारा भी प्रदूषण मुक्त पटाखे बेचे जाने की तैयारी की गई है। फुटकर विक्रेता संघ के सचिव हरीश दीवान ने बताया कि पटाखों की यह बिक्री गुरुवार से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री में किसी प्रकार की कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है।