Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता

मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता

मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता
X

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने ली अंचल के कार्यकर्ताओं की बैठक

ग्वालियर, न.सं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति से पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर आतंकियों को खत्म किया गया। एयर स्ट्राइक से पूरा भारत बहुत खुश है। यह देश की अस्मिता का सवाल है, लेकिन आज कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो एयर स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं। मोदी जी ने भारत का मान पूरे विश्व में बढ़ाया है। पूरा देश मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना चाहता है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। अत: कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।

यह बात केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को विजय संकल्प अभियान यात्रा की तैयारियों को लेकर मोदी हाउस में आयोजित ग्वालियर-चम्बल संभाग की बैठक में कही। इस अवसर पर मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव के प्रभारी व उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ मंचासीन थे। बैठक में श्री तोमर ने कहा कि चुनाव की दृष्टि से काफी पहले से कार्यक्रम चल रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता की जो क्षमता है, वह उसके अनुरूप प्रयास करता है। हम चुनाव के दौर में हैं। पार्टी के प्रति और किसी भी कार्य के प्रति हमारा नजरिया सकारात्मक होना चाहिए क्योंकि हम सब कार्यकर्ता हैं। कार्यक्रम समय के अभाव में छोटा या बड़ा हो सकता है। कहीं पर परिस्थितियां विपरीत भी हो सकती हैं, पर कार्यकर्ता का उद्देश्य लक्ष्य प्राप्ति का मजबूत नजरिया होना चाहिए। कार्यकर्ता विश्लेषण करने की बजाय अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें तो पार्टी के लिए लाभप्रद होगा।

मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह तथा संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ ने विजय संकल्प अभियान यात्रा की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश कार्यकर्ताओं को दिए। बैठक में कार्यक्रम को लेकर समय और स्थान आदि तय किए गए, जिसमें प्रत्येक लोकसभा सीट पर दो सभाएं होंगी।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक जादौन ने एवं आभार ग्रामीण जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, जयसिंह कुशवाह, अभय चौधरी, विधायक भारत सिंह कुशवाह, विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, विधायक सीताराम आदिवासी, जिलाध्यक्ष केदार जैन, नाथूसिंह गुर्जर, गोपाल आचार्य, धर्मेन्द्र रघुवंशी, गजेन्द्र सिकरवार, सुरेन्द्र बुधौलिया सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिलों के महामंत्री, जिलों के प्रभारी, लोकसभा संयोजक आदि उपस्थित थे।

आज से अंचल के प्रवास पर रहेंगे पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष

बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के प्रवास कार्यक्रम ग्वालियर-चम्बल संभाग में 11, 12 व 13 मार्च में होंगे।

सोशल मीडिया की कार्यशालाएं 16 से

आगामी 16, 17 व 18 मार्च को ग्वालियर-चम्बल संभाग की चारों लोकसभा सीटों की मीडिया व सोशल मीडिया की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

Updated : 10 March 2019 7:21 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top