केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दिया स्वच्छता का सन्देश
ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वच्छता का सन्देश देने के लिए "स्वच्छता ही सेवा" स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया है। पीएम मोदी ने जहाँ दिल्ली में इसकी शुरुआत की वहीँ ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर ने इसकी शुरुआत की। ग्वालियर व्यापार मेला परिसर स्थित मंगलवाटिका में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि "स्वच्छता ही सेवा" सिर्फ एक पखवाड़ा नहीं है , ये अभियान है जिसे प्रधानमंत्री की इच्छा के अनुरूप हम सभी को मिलकर जन आंदोलन बनाना है। इसीलिए हमें इस काम से स्वयं जुड़कर रहना होगा और दूसरों को जोड़ना होगा। कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह , महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, विधायक भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजबल सिंह सहित भाजपा के कई बड़े नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्वच्छता दूत भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नागरिकों के नाम सम्बोधन सुना। शुभारम्भ कार्यक्रम के बाद शहर में चिन्हित किये गए अलग अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक सफाई कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। केन्द्रीय मंत्री नरेद्र सिंह तोमर बैजा ताल पर, श्रीमती माया सिंह पुराना हाईकोर्ट क्षेत्र में , जयभान सिंह पवैया किला गेट क्षेत्र में और नारायण सिंह कुशवाह महाराज बाड़ा पर सामूहिक सफाई कार्यक्रम में शामिल हुए।
उधर "स्वच्छता ही सेवा" स्वच्छता पखवाड़ा में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सवर्ण समाज का विरोध भी झेलना पड़ा। एससी एसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट का संशोधन लौटाए जाने पर सरकार का विरोध कर रहे सवर्ण समाज और सपाक्स ने प्रतिनिधि मंगलवाटिका में काले झंडे दिखाने और ज्ञापन सौंपने पहुँच गए। पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने से रोक दिया। लेकिन जब प्रदर्शनकारियों ने जबरन घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कार्यक्रम स्थल से खदेड़ दिया।


