नगर निगम अमले ने की मुरार में तोड़फोड़, दुकानदारों ने किया विरोध

नगर निगम अमले ने की मुरार में तोड़फोड़, दुकानदारों ने किया विरोध
X
तलघर की रेम्प और जीनों को नगर निगम ने हटाया, दुकानदारों का आरोप, बिना नोटिस दिए की कार्रवाई

ग्वालियर/स्वदेश वेब डेस्क। नगर निगम के मदाखलत अमले ने बुधवार को मुरार में एक तलघर पर कार्रवाई करते हुए उसके रेम्प और जीनों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान तलघर के दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया लेकिन पुलिस बल के रहते वे अधिक विरोध नहीं कर पाए।

शहर में पार्किंग समस्या से जूझ रहा नगर निगम वाहनों के लिए स्थान चिन्हित कर रहा है। तलघरों का उपयोग पार्किंग के लिए किये जाने के आदेश के बाद भी बहुत से तलघरों में अभी भी दुकानें चल रही हैं। ऐसे ही एक तलघर पर बुधवार को नगर निगम ने कार्रवाई की। नगर निगम के मुरार क्षेत्र के क्लस्टर अधिकारी सुरेश अहिरवार के अनुसार मुरार थाने के सामने एक तलघर में दुकानें संचालित की जाने की सूचना मिली थी । मौके पर जाकर जब दुकानदारों और तलघर स्वामी से प्रॉपर्टी के कागज मांगे तो उन्होंने उसे दिखाने से मना कर दिया जिसके बाद मदाखलत अमले को बुलाकर तलघर में प्रवेश के लिए बनाये गए रेम्प और जीने तोड़ दिए गए।

कार्रवाई के दौरान दुकानदार और तलघर मालिक ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि नगर निगम ने बिना नोटिस दिए कार्रवाई की है जो अनुचित है। उधर नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में नगर निगम की सीमा में बने किसी भी तलघर में दुकानें संचालित किया जाना न्यायालय के आदेश से प्रतिबंधित है। आदेश के अनुसार तलघरों का उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही किया जाएगा। श्री अहिरवार का कहना है कि तलघर को खाली कराकर यहाँ पार्किंग बनाई जाएगी।


Tags

Next Story