ग्वालियर,न.सं.। रविवार सुबह भोपाल से ग्वालियर लौटते ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर नंगे पैर ही अपने घर न जाते हुए सीधे उन सडक़ों का निरीक्षण करने जा पहुंचे जिनका निरीक्षण उन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही किया था। उन्होंने लक्ष्मण तलैया, गेंडेवाली सडक़ व सेवा नगर की सडक़ों पर निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने गेढ़ेवाली सडक़ पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों से बातचीत कर सडक़ निर्माण की स्थिति जानी और मौके पर कार्य देखे। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि सडक़ निर्माण कार्य में देरी हो रही है। मैने खुद जूते-चप्पल त्याग दिए है ताकि अधिकारियों के साथ-साथ मुझे भी अहसास हो।
दोपहर में ऊर्जा मंत्री ने प्रशासनिक, नगर निगम, पुलिस, स्मार्ट सिटी सहित तमाम विभागों के अधिकारियों की बैठक में दो माह के अंदर सडक़ों को दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दे दिया। उन्होंने साफ कहा कि दो माह के अंदर सडक़ों को तैयार कर दिया जाए। सडक़ नहीं बनी, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की निगरानी करने के लिए भी कहा।
शहर में सडक़ निर्माण की सुस्त रफ्तार से खफा ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गेंडे वाली सडक़ का निर्माण दो माह के अंदर कर दिया जाए। इस पर स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीतू माथुर ने बताया कि अभी अमृत योजना का कार्य चल रहा है। इसका काम खत्म होते ही एक माह के अंदर हम सडक़ तैयार कर देंगे। इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अमृत योजना के अधिकारी जल्द से जल्द एनओसी जारी करें, ताकि सडक़ का निर्माण तेजी से हो सके। सडक़ बनने के बाद वहां अमृत योजना के काम के लिए खुदाई नहीं की जाए। शहर में सडक़ों का निर्माण के लिए दिन-रात काम होना चाहिए। इसी प्रकार लक्ष्मण तलैया की रोड के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी के माध्यम से जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। इसके अलावा ऊर्जा मंत्री ने कहा कि किला गेट से लेकर किले के ऊपर तक जाने वाली सडक़ के लिए शासन ने बजट स्वीकृत कर दिया है, लेकिन इसका निर्माण कौन सी एजेंसी करेगी यह तय नहीं है। ऐसे में पुरातत्व विभाग और पीडब्ल्यूडी में से कौन सडक़ बनाएगा, यह जल्द से जल्द तय कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही गारंटी पीरियड वाली सडक़ों को ठीक करने का कार्य संबंधित ठेकेदार से शुरू कराया जाए। नगर निगम के साथ अन्य विभागों में वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें ब्लैक लिस्ट करने के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराई जाए। बैठक में जिलाधीश कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, सीईओ स्मार्ट सिटी नीतू माथुर सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, स्मार्ट सिटी, नगर निगम, पुरातत्व विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
चौपाटी का कार्य जल्द शुरु करें
ऊर्जा मंत्री ने बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ से कहा कि इंटक के पास सब्जी मंडी प्रांगण में बनने वाली चौपाटी का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चौपाटी का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो, साथ ही इसमें गुणवत्ता का भी ख्याल रखा जाए।
गंदे पानी की मिल रही शिकायत
ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि कुछ दिनों से शहर में मटमैले पानी के वितरण की शिकायतें मिल रही हैं। निगम का पीएचई अमला हरसंभव उपाय कर लोगों को स्वच्छ और भरपूर पानी उपलब्ध कराए। इसके लिए जो भी उपाय किए जाना है, उसे निगम शीघ्र करे। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि कई जगहों पर गंदे पानी की समस्या का समाधान हो चुका है। कुछ स्थानों पर अमृत योजना के तहत डाली गईं लाइनों का मिलान नहीं होने के कारण गंदा पानी आ रहा है। इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में लीकेज को ठीक करने के लिए भी निगम अभियान चलाकर कार्य करे।